Site icon hindi.revoi.in

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने पीएम मोदी को बता दिया ‘आतंकवादी’, कुछ देर बाद ही अपनी टिप्पणी से पलटे

Social Share

चेन्नई, 21 अप्रैल। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आतंकवादी कह दिया। हालांकि कुछ देर बाद ही खरगे अपनी टिप्पणी से पलट गए और सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने पीएम मोदी को आतंकवादी नहीं कहा वरन यह कहा कि वह आतंकित कर रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ‘मोदी आतंकवादी हैं और उनकी पार्टी बराबरी के सिद्धांत में विश्वास नहीं करती है। वहीं AIADMK लोकतंत्र को कमजोर कर रही है और पेरियार और आम्बेडकर के सिद्धांतों के खिलाफ काम कर रही है।

फिलहाल कुछ देर बाद खड़गे ने सफाई देते हुए कहा, ‘मैंने आतंकवादी नहीं कहा, मैंने कहा कि वे आतंकित कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘मैं यह स्पष्ट करना चाहता था कि मोदी हमेशा धमकाते हैं। मैंने आपको क्रम बताया था – IT, ED। सभी संस्थाएं उनके हाथों में हैं। मैंने कभी यह नहीं कहा कि वह एक आतंकवादी हैं। वह लोगों को आतंकित कर रहे हैं।’

खरगे ने BJP-AIADMK के बीच गठबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘वे भाजपा के साथ कैसे गठबंधन कर सकते हैं। मोदी आतंकवादी हैं, जो बराबरी के सिद्धांत में विश्वास नहीं करते हैं, उनकी पार्टी समता और न्याय में विश्वास नहीं करती है, और ये लोग उनके साथ शामिल हो रहे हैं। इसका मतलब है कि वे लोकतंत्र को कमजोर कर रहे हैं। ये लोग अन्नादुरई, आम्बेडकर, करुणानिधि के सिद्धांतों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।’

तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने चेन्नई में कहा कि मोदी और शाह ने पहले भी चुनी हुई सरकारों को गिराने की कोशिशें की हैं। आप जानते हैं, 11 वर्षों में उन्होंने कई सरकारें गिराईं, विधायकों को खरीदा, राज्यसभा सांसदों को खरीदा। इन लोगों ने धनबल और मसल पावर का इस्तेमाल किया। इनके हाथ में जो संस्थाएं हैं, जैसे कि CBI, ED, IT सभी संस्थानों का वे गलत प्रयोग कर रहे हैं और राजनीतिक दलों के नेताओं पर छापा मरवा रहे हैं।’

भाजपा ने की तीखी आलोचना

इस बीच केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि, ‘हमें शर्म आती है कि कांग्रेस पार्टी इतनी निचले स्तर पर गिर गई है। एक लोकतांत्रिक रूप से चुने हुए प्रधानमंत्री, जिन्हें जनता ने चुना है, वे उन्हें आतंकवादी कह रहे हैं। मैं खरगे के इस बयान की कड़ी निंदा करता हूं। मैं भारत की जनता के इस अपमान के लिए उनसे माफी की मांग करता हूं। उन्होंने न केवल प्रधानमंत्री का अपमान किया है बल्कि 142 करोड़ भारतीयों और तमिलों का भी अपमान किया है। तमिलनाडु की जनता राहुल गांधी, खरगे और स्टालिन को कभी माफ नहीं करेगी।’

राज्य में प्रचार अभियान थमा, मतदान 23 अप्रैल को

गौरतलब है कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान है। यहां एक ही चरण में पूरे राज्य में चुनाव होने हैं। उसी कड़ी में मंगलवार की शाम को चुनाव प्रचार थम गया। चुनाव परिणाम चार मई को घोषित किए जाएंगे।

Exit mobile version