Site icon hindi.revoi.in

पंजाब में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेसी सांसद चौधरी संतोख सिंह का दिल का दौरा पड़ने से निधन

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 14 जनवरी। जालंधर से कांग्रेस सांसद चौधरी संतोख सिंह का शनिवार सुबह पंजाब के फिल्लौर में भारत जोड़ो यात्रा के दौरान निधन हो गया। वह राहुल गांधी की यात्रा में चल रहे थे, तभी उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया था। वे धक्का लगने के कारण गिर गए थे जिसके बाद वे निजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने बताया कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।

वहीं, निधन के कारण राहुल गांधी की और से भारत जोड़ो यात्रा रोक देने की सूचना आ रही हैं। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी उनके जालंधर स्थित घर के लिए रवाना हो गए हैं। डॉ. जसजीत विर्क के मुताबिक जब उन्हें अस्पताल लाया गया, तब उनकी डेथ हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि जब उन्हें अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों की टीम भी उनके साथ थी। अस्पताल लाते समय रास्ते में भी डॉक्टरों की टीम ने उन्हें बचाने की भरसक कोशिश की।

पार्थिव शरीर को ले जाया जाएगा जालंधर

सांसद चौधरी संतोख सिंह की पार्थिव देह को उनके जालंधर शहर स्थित न्यू विजय नगर निवास पर लाया जा रहा है। वह दूसरी बार सांसद बने थे। इससे पहले वह कांग्रेस की 1992 से 1997 की सरकार में फिल्लौर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व करते हुए राजिंदर कौर भट्ठल और हरचरण सिंह बराड़ के मंत्रिमंडल में भी बतौर मंत्री सेवाएं दे चुके हैं।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया शोक

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस सांसद के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

Exit mobile version