Site icon hindi.revoi.in

कांग्रेस की एक नीति रही है, वादे करो और सरकार बनने के बाद घोटाले करो : पीएम मोदी

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नैनीताल, 12 फरवरी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तराखंड के रूद्रपुर में शनिवार को चुनावी प्रचार की आखिरी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और कहा कि कांग्रेस की एक ही नीति रही है कि चुनाव से पहले वादे करो और उसके बाद घोटालों को अंजाम दो।

पीएम मोदी ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और कहा कि कांग्रेस भारत को राष्ट्र मानने को तैयार नहीं है। हमारे नौ जवान सेना में जाकर देश के लिये मर मिटने को तैयार हैं और कांग्रेस के लोग देश को राष्ट्र मानने को तैयार नहीं हैं।

उन्होंने एलान किया कि भारत एक है और एक रहेगा। देश की जनता ऐसे लोगों के मंसूबे पूरे नहीं होने देगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस एक वर्ग विशेष को खुश करने के लिये तुष्टिकरण कर विश्वविद्यालय का निर्माण की बात कर रही है। देवभूमि की जनता इस अपमान को नहीं सहेगी। यह प्रदेश की संस्कृति का अपमान है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण के साथ एक ही नीति रही है कि चुनावों में बड़े-बड़े वादे करो और चुनावों के बाद घोटाले करो।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हम गंगा को स्वच्छ बनाने के लिये जहां सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बना रहे हैं वहीं इन्होंने गंगा को भी नहीं छोड़ा और उसे भ्रष्टाचार का केन्द्र बना दिया। उन्होंने याद दिलाया कि तत्कालीन हरीश रावत की सरकार ने गंगा को खनन के लिये नहर घोषित कर दिया था। उन्होंने लोगों से कहा कि कांग्रेस इस बार भी चुनावों में जो वादे कर रही है वह झूठ का एक पुलिंदा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस गरीबी हटाने की बात कर रही है लेकिन उसकी नीति गरीबी हटाने के बजाय गरीबों को हटाने की रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में राज्य का चहुंमुखी विकास हुआ है। राज्य में चार मेडिकल काॅलेज खोले गये हैं। चारधाम और ऑलवेदर रोड का विकास किया गया है। उनकी सरकार ने कोरोना महामारी के बावजूद देश में विकास की गति को बनाये रखने के साथ ही गरीब परिवारों को मुफ्त राशन देने का काम भी किया है।

(PHOTO-FILE)

Exit mobile version