Site icon hindi.revoi.in

कांग्रेस ने किया एलान : सिद्धारमैया होंगे कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, डीके शिवकुमार उप मुख्यमंत्री

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 18 मई। कांग्रेस ने तमाम अटकलों को विराम देते हुए गुरुवार को अपने कद्दावर नेता सिद्धारमैया को कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार को उप मुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के शीर्ष नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और शिवकुमार के साथ कई घंटों के विचार-विमर्श के बाद पार्टी ने यह घोषणा की।

सिद्धारमैया वरुणा विधानसभा क्षेत्र से जीते हैं जबकि श्री शिवकुमार कनकपुरा सीट से जीते हैं। कांग्रेस महासचिव एवं संगठन प्रभारी केसी वेणुगोपाल ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, “कांग्रेस अध्यक्ष ने व्यापक विचार-विमर्श के बाद फैसला किया है कि श्री सिद्धारमैया कर्नाटक के मुख्यमंत्री होंगे और डीके शिवकुमार इकलौते उप मुख्यमंत्री होंगे।”

अब 20 मई को होगा शपथ ग्रहण समारोह, कैबिनेट के अन्य मंत्री भी लेंगे शपथ

वेणुगोपाल ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह 20 मई को होगा। पूर्व घोषणा के अनुसार आज (18 मई) को पदग्रहण समारोह होना था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों का एक समूह भी शपथ लेगा। उन्होंने विधानसभा चुनाव में पार्टी की शानदार जीत का श्रेय दक्षिणी राज्य के दोनों नेताओं को देते हुए कहा, “दोनों नेता कर्नाटक में कांग्रेस की बड़ी संपत्ति हैं। कांग्रेस एक लोकतांत्रिक पार्टी है। हम सर्वसम्मति में विश्वास करते हैं न कि तानाशाही में। मैं कर्नाटक के लोगों को धन्यवाद देना चाहता हूं। यह चुनाव गरीब बनाम अमीर था।”

एक सवाल के जवाब में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में समान विचारधारा वाले सभी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया जायेगा। कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि पार्टी कर्नाटक में पारदर्शी सरकार देने और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Exit mobile version