Site icon Revoi.in

पेरिस पैरालम्पिक खेलों का रंगारंग उद्घाटन, सुमित-भाग्यश्री ने तिरंगे के साथ की भारतीय दल की अगुआई

Social Share

पेरिस, 28 अगस्त। ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक खेलों की समाप्ति के 16 दिनों बाद ही फ्रांसीसी राजधानी में बुधवार की शाम रंगारंग समारोहों के साथ पेरिस पैरालम्पिक खेलों का भी आगाज़ हो गया। सुमित अंतिल और भाग्यश्री यादव ने उद्घाटन समारोह के दौरान ध्वजवाहक की भूमिका निभाते हुए तिरंगे के साथ भारतीय दल की अगुआई की।

सामान्यतः ओलम्पिक या पैरालम्प‍िक खेलों के उद्घाटन समारोह स्टेडियम के अंदर होते हैं, लेकिन पारंपरिक समारोहों के विपरीत इस बार ग्रीष्मकालीन ओलम्पिक की तरह पैरालम्पिक खेलों का उद्घाटन समारोह भी खुले में हुआ और शहर के मध्य स्थित प्लेस डे ला कॉनकॉर्ड (पेरिस का सबसे बड़ा स्क्वॉयर), चैंप्स-एलिसीस, एफिल टॉवर और ट्रोकाडेरो जैसे प्रतिष्ठित स्थल इसके साक्षी बने।

कुल 11 दिनों (28 अगस्त से आठ सितम्बर) चलने वाले पेरिस पैरालम्पिक खेलों की शुरुआत प्रतिष्ठित चैंप्स-एलिसीज पर भव्य परेड से हुई, जिसमें दुनियाभर से 184 देशों का प्रतिनिधिमंडल शामिल हुआ। उद्घाटन समारोह में 6,000 एथलीट और अधिकारी शामिल हुए।

उद्घाटन समारोह के दौरान स्वीडिश कोरियोग्राफर एलेक्जेंडर एकमैन का डांस डांस मुख्य आकर्षण रहा, जिसमें 150 से अधिक डांसर शामिल हुए। इनमें दिव्यांग नर्तक भी शामिल रहे। एकमैन को ओस्लो में 2016 में स्वान लेक के लिए जाना जाता है, जहां उन्होंने 6,000 लीटर पानी से एक स्टेज लेक बनाई थी।

भारत ने 84 खिलाड़ियों का अब तक का सबसे बड़ा दल उतारा है

भारत ने पेरिस पैरालम्पिक में 84 खिलाड़ियों का अपना अब तक का सबसे बड़ा दल उतारा है। सभी एथलीट 12 खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। 2021 में हुए टोक्यो पैरालम्पिक में भारत के 54 खिलाड़ियों ने नौ खेल स्पर्धाओं में हिस्सा लिया था।

टोक्यो में भारतीय पैरा एथलीटों ने 5 स्वर्ण सहित 19 पदक जीते थे

भारत ने टोक्यो पैरालम्पिक में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण, आठ रजत व छह कांस्य सहित कुल 19 पदकों के साथ पदक तालिका में 24वां स्थान हासिल किया था। भारत का इन खेलों में यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। पेरिस खेलों में भारतीय पैरा एथलीटों ने 25 पदक जीतने का लक्ष्य रखा है।