हाथरस, 28 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को हाथरस में 548 करोड़ की 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के पूर्व सीएम व समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले आज धर्म की राजनीति कर रहे हैं।
सीएम योगी ने अयोध्या को धार्मिक नगरी बनाने संबंधी अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए उन्हें रामलला के दर्शन करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे उन्हें सद्बुद्धि मिलेगी। उन्होंने साथ ही कहा कि जिनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, वे आज अयोध्या की बात कर रहे हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार में जेलों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का आयोजन बंद करा दिया गया था और कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगाई गई थी।
जनपद हाथरस में ₹548 करोड़ लागत की विभिन्न लोक-कल्याणकारी परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास कार्यक्रम में… https://t.co/PE9oWmsxE8
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 28, 2026
मुख्यमंत्री ने कहा कि हाथरस के 22 से ज्यादा मंदिरों का सौंदर्यीकरण कराया गया है। उन्होंने साथ ही आरोप लगाया कि पहले सरकारें मंदिरों की जगह कब्रिस्तानों की बाउंड्री पर ज्यादा पैसा खर्च करती थीं जबकि उनकी सरकार धार्मिक स्थलों के विकास को प्राथमिकता दे रही है।
विपक्ष खुद को धार्मिक मानता है तो श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुद्दे पर भी राय रखे
उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष खुद को धार्मिक मानता है तो उसे मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी खुलकर अपनी राय रखनी चाहिए। उनकी सरकार श्रीकृष्ण जन्मभूमि आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम कर रही है। इस दौरान उन्होंने हाथरस, सिकंदराराऊ और सादाबाद विधानसभा क्षेत्रों के लिए 548 करोड़ रुपये की लागत वाली 143 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
पिछले नौ वर्षों में नहीं हुए दंगे
सीएम योगी ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में न दंगे हुए, न कर्फ्यू लगा और न ही गुंडागर्दी को बढ़ावा मिला। उन्होंने मुहर्रम का जिक्र करते हुए कहा कि पहले जुलूसों के दौरान उपद्रव जैसी घटनाएं होती थीं। ताजिया निकालने के नाम पर गरीबों की झोपड़ियां हटाई जाती थीं, लोगों के छज्जे तोड़ दिए जाते थे। बिजली की हाईटेंशन लाइनों को हटाने का दबाव बनाया जाता था। सरकार ने इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला। ताजियों की ऊंचाई तय कर दी गई, ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में करीब 12 हजार ताजिया जुलूस निकले, लेकिन कहीं भी दंगा, उपद्रव या कर्फ्यू जैसी स्थिति नहीं बनी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में हर धर्म और समुदाय के लोग अपने त्योहार शांति से मना रहे हैं और यही माहौल विकास की सबसे बड़ी ताकत है।
हाथरस में बढ़ेंगे उद्योग, किसानों को मिलेगा फायदा
सीएम योगी ने कहा कि हाथरस अब तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। यहां नए उद्योग लग रहे हैं, जिससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। किसानों के लिए प्रोसेसिंग सेंटर बनाए जाएंगे, ताकि उनकी फसलों की अच्छी कीमत मिल सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के विकास के लिए काम कर रही है।
2017 से पहले यूपी की पहचान अलग थी
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की छवि खराब थी। हालात ऐसे थे कि प्रदेश का युवा अपनी पहचान बताने से भी कतराता था। उस समय माफिया का राज था, गरीबों का शोषण होता था, सरकारी जमीनों पर कब्जे किए जाते थे, विकास योजनाओं में भ्रष्टाचार होता था। व्यापारी, किसान व बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं जबकि भाजपा सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर लगातार काम कर रही है।

