Site icon Revoi.in

चौधरी चरण सिंह को ‘भारत रत्न’ सम्मान का सीएम योगी ने किया स्वागत, अखिलेश बोले – समाजवादी पार्टी ने की थी मांग

Social Share

लखनऊ, 9 जनवरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने पू्र्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए जाने की मोदी सरकार की घोषणा का स्वागत किया है और बधाई दी है।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ही ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होंने घोषणा की कि  पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पीवी नरसिम्हा राव और मशहूर कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को ‘भारत रत्न’ (मरणोपरांत) से सम्मानित किया जाएगा।

भारत रत्न के लिए चौधरी चरण सिंह के नाम का एलान होने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा, “जननेता, किसानों के मसीहा, गांवों, अन्नदाता किसानों, शोषितों एवं वंचितों के उत्थान के लिए आजीवन समर्पित रहने वाले, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी को ‘भारत रत्न’ प्रदान करने की घोषणा अभिनंदनीय है। वे सच्चे अर्थों में लोकतंत्र के साधक थे। यह गौरव राष्ट्र निर्माण में उनके अतुल्य योगदानों का सम्मान है”।

वहीं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, “बहुत बधाई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के लिए भारत रत्न की मांग समाजवादी पार्टी ने थी। जितने भी लोगों को भारत रत्न मिला है। मैं उनको बहुत बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।”

आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी से बात होने के सवाल पर उन्होंने कहा, “इधर बात नहीं हुई है। जो बातें होनी हैं, वे सब अखबारों में छप रही है।”