Site icon Revoi.in

सीएम योगी बोले – पाकिस्तानी समर्थन से साफ है कि ‘कांग्रेस का हाथ, देश के दुश्मनों के साथ’

Social Share

लखनऊ, 3 मई। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को पाकिस्तान से कांग्रेस के समर्थन में कथित तौर पर उठी आवाज को लेकर राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) पर निशाना साधते हुए कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि ‘कांग्रेस का हाथ देश के दुश्मनों के साथ’ है।

यहां जारी एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि नरेन्द्र मोदी और भाजपा जीतते हैं तो देश में दीपावली मनाई जाती है वहीं कांग्रेस की जीत पर पाकिस्तान में जश्न मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि जनता को यह अंतर समझना चाहिए और देश विरोधी तत्वों को नकार देना चाहिए।

उन्होंने कहा ‘‘यह दिखाता है कि मोदी जीतेंगे तो भारत में दीपावली होगी, लेकिन यदि कांग्रेस कहीं पर सफलता प्राप्त करे तो पाकिस्तान प्रफुल्लित होता है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘कांग्रेस ने अपने स्वार्थ के लिए पहले देश का विभाजन किया और फिर अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए तुष्टिकरण की नीतियों को आगे बढ़ाया जिसके दुष्परिणाम के चलते देश में अलगाववाद और उग्रवाद चरम पर पहुंचा।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की भ्रष्ट नीतियों के कारण देश में नक्सलवाद भी तेजी से फैला। उन्होंने कहा ‘‘मोदी सरकार के प्रयासों से आज आतंकवाद, नक्सलवाद और उग्रवाद को नियंत्रित किया जा सका है। आज देश में सकारात्मक माहौल है। विकास और कल्याणकारी योजनाओं से अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को भी शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।’’

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि कांग्रेस की विभाजनकारी, तुष्टिकरण की नीतियों का करारा जवाब दे कर देश की जनता कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन की मंशा पर पानी फेरेगी और मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी और राजग गठबंधन फिर एक बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगा।