Site icon Revoi.in

हमीरपुर की चुनावी सभा में बोले सीएम योगी – 10 मार्च के बाद अखिलेश यादव का मोबाइल हो जाएगा स्विच ऑफ

Social Share

हमीरपुर, 16 फरवरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यहां एक चुनावी सभा में समाजवादी पार्टी के प्रमुक अखिलेश यादव पर प्रहार करते हुए कहा कि 10 मार्च के बाद जब परिणाम आएगा तो उनके मोबाइल का स्विच ऑफ हो जाएगा। लोग फोन मिलाते रहेंगे, लेकिन फोन ही नहीं मिलेगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के पहले और दूसरे चरण में जनता का अपार समर्थन मिला है। बच चरणों के मतदान में भी भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है।

जब तक यूपी में भाजपा है, यहां विकास, कानून का शासन और न्याय है

हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में सुमेरपुर कस्बे के तपोभूमि परिसर में आयोजित जनसभा में सीएम योगी ने कहा कि सूबे का हर गरीब और किसान जानता है कि जब तक यूपी में भाजपा है, यहां विकास, कानून का शासन और न्याय है। आज अगर कोई व्यक्ति यदि विदेश में भी रह रहा है तो उसकी संपत्ति पर कोई भी कब्जा नहीं कर सकता है क्योंकि गुंडे माफिया जेल की सलाखों में है। यही लोग सपा सरकार में खुली लूट करते थे। उनकी अवैध संपत्ति जब्त करके भाजपा की सरकार ने सरकारी खजाने में जमा करा दिया है। माताएं-बहनें सुरक्षित हैं और आधी रात को भी घर से बेखौफ होकर निकल रही हैं। प्रदेश का माफियाराज अब अंतिम सांसें गिन रहा है।

सपा सरकार में बिजली का बिल हाथ में पकड़ते ही शरीर में करंट दौड़ जाता था

सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकार में बिजली की यह हालत थी कि कोई मेहमान घर पर आता था तो मच्छर काट-काटकर परेशान कर देते थे। लेकिन भाजपा सरकार में हर घर में 24 घंटे बिजली का इंतजाम है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में बिजली का तार पकड़ने पर करंट नहीं आता था, लेकिन बिजली का बिल हाथ में पकड़ते ही शरीर में करंट दौड़ जाता था। अब यह उल्टा हो गया है।

भाजपा विकास के नाम पर लड़ रही चुनाव, सपा एक पारिवारिक पार्टी

योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘हम लोग विकास के नाम पर चुनाव लड़ रहे है। गरीबों के कल्याण के लिए चुनाव लड़ रहे है जबकि समाजवादी पार्टी एक परिवार की पार्टी है। याद रखिए, सपा में काम करने वाला कभी जीवन में अध्यक्ष नहीं बन सकता क्योंकि यह पारिवारिक पार्टी है।’

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के लोगों को योजनाओं का लाभ दिया है, जिसमें 46 लाख परिवारों को अपने सपनों का घर मिला है। बिजली और पानी का कनेक्शन दिया गया है। सभी गरीबों को माह में दो बार खाद्यान्न भी मुफ्त दिया जा रहा है।

पीएम मोदी के मार्गदर्शन में आज बुंदेलखंड का चेहरा बदल चुका है

सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन में आज बुंदेलखंड का चेहरा बदल चुका है। बड़ी-बड़ी परियोजनाएं और एक्सप्रेस वे बन रहे हैं। डिफेंस कॉरिडोर के तहत हमारे लाखों नौजवान भाई बहनों को रोजगार मिलेगा। विश्व के पटल पर भी डिफेंस कारिडोर के कारण बुंदेलखंड का नाम होगा।

राम मंदिर के साथ बस रही नई अयोध्या

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पीएम मोदी का संकल्प ही है कि अयोध्या में भव्य राममंदिर का निर्माण हो रहा है और एक नई अयोध्या बस रही है। उन्होंने बताया कि अर्जुन सहायक नहर परियोजना का लोकार्पण किया जा चुका है, जिससे 168 ग्रामों के 1,49,755 किसानों को फायदा होगा।

उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। डबल इंजन की सरकार होने के कारण प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। इसलिए ऐसी सरकार नहीं होनी चाहिए, जो केंद्र की योजनाओं में अड़ंगे लगाए।