Site icon Revoi.in

सीएम योगी ने नए साल पर गोरखनाथ मंदिर में किया हवन और रुद्राभिषेक, सुनी लोगों की समस्याएं

Social Share

गोरखपुर, 1 जनवरी। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए साल की सुबह गोरखनाथ मंदिर, गोरखपुर में ‘हवन’ और ‘रुद्राभिषेक’ किया। सीएम योगी ने नए साल के पहले दिन की शुरुआत भगवान श्रीराम के आराध्य देवाधिदेव महादेव के अभिषेक (रुद्राभिषेक) और हवन अनुष्ठान से की।

इस दौरान उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि और शांति की प्रार्थना की। सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट किया, “आप सभी को अंग्रेजी नव वर्ष 2024 की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।”

मिली जानकारी के मुताबिक, नए साल के पहले दिन सोमवार की सुबह मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर के दर्शन के दौरान मंदिर में अपने आवास के प्रथम तल पर स्थित शक्तिपीठ में विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया।

विद्वान आचार्यों एवं पुरोहितों ने रुद्राभिषेक का अनुष्ठान संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन और आरती की। विधि-विधान से पूजा-अर्चना पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के स्वस्थ, सुखी, समृद्ध और शांतिपूर्ण जीवन की कामना की।