Site icon hindi.revoi.in

सीएम योगी ने ग्रेटर नोएडा में 9,228 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास-लोकार्पण

Social Share

गौतम बुद्ध नगर, 27 जून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा में यमुना सिटी और नोएडा क्षेत्र की कुल 9,228 करोड़ रुपये की औद्योगिक एवं विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) में 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इन परियोजनाओं में एम्बर ग्रुप और दक्षिण कोरिया की एक कम्पनी के संयुक्त उपक्रम समेत कई बड़े निवेश शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश बन रहा इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का वैश्विक केंद्र

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बन रहा है। उन्होंने कहा कि जिन इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स का भारत अब तक विदेशों से आयात करता था, अब उन्हें उत्तर प्रदेश में ही निर्मित कर दुनिया के विभिन्न देशों में निर्यात करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है और प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट निर्माण का सबसे बड़ा हब बनाने के लिए निवेशकों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।

जेवर अब जंगलराज नहीं, मंगलराज का प्रतीक’

मुख्यमंत्री योगी ने कहा, ‘कभी जंगलराज के लिए बदनाम रहा जेवर आज मंगलराज का प्रतीक बन गया है।’ उन्होंने कहा कि जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश के विकास की नई पहचान बन रहा है और जल्द ही यहां से व्यावसायिक उड़ानें शुरू होंगी। इससे क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

निवेशकों की पहली पसंद बन रहा उत्तर प्रदेश

उन्होंने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान नकारात्मक कारणों से होती थी, लेकिन आज वही प्रदेश देश और दुनिया के निवेशकों के लिए सबसे आकर्षक निवेश गंतव्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की सिंगल विंडो व्यवस्था और निवेशक-अनुकूल नीतियों के कारण बड़ी संख्या में कंपनियां प्रदेश में निवेश कर रही हैं।

मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स निर्माण का बड़ा केंद्र बना प्रदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज मोबाइल निर्माण का बड़ा केंद्र बन चुका है जबकि ग्रेटर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक्स पार्ट्स के उत्पादन में देश के अग्रणी क्षेत्रों में शामिल हो गया है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर विनिर्माण के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाना है।

Exit mobile version