Site icon hindi.revoi.in

पीएम मोदी के आह्वान से जुड़ने की सीएम योगी की अपील : मुख्‍यमंत्री व मंत्रियों की फ्लीट में 50% की कटौती

Social Share

लखनऊ, 12 मई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईंधन बचाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान से जुड़ने की प्रदेशवासियों से अपील की है। उन्होंने प्रदेशवासियों से कहा कि ईंधन की खपत कम करें और अनावश्यक सोने की खरीद न करें।

मुख्यमंत्री योगी ने इसी क्रम में मंगलवार की शाम मुख्य सचिव, डीजीपी, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव की बैठक में निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री व मंत्रियों आदि की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत की कमी की जाए। काफिले से अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में वर्क फ्रॉम होम की संस्कृति को भी प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने सीएनजी, मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों आदि के उपयोग पर विशेष बल दिया। बैठक में मुख्यमंत्री का सरकारी बैठकों, सेमिनारों, कॉन्फ्रेंस, वर्कशॉप आदि के वर्चुअली आयोजन पर जोर रहा।

एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट से चलेंगे मंत्री-सांसद और विधायक सीएम योगी ने कहा कि दुनिया में उथल-पुथल है, ऐसे में सभी को सावधानी बरतनी होगी। मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करें। सप्ताह में एक दिन नो ह्वीकल डे आयोजित किया जाए। इस अभियान से सरकारी कर्मचारियों, स्कूलों-कॉलेजों के विद्यार्थियों समेत समाज के विभिन्न वर्गों को भी जोड़ें।

वर्क फ्रॉम होम पर हो फोकस

औद्योगिक विकास विभाग व आईआईडीसी द्वारा औद्योगिक संस्थानों, बड़े स्टार्टअप्स आदि में वर्क फ्रॉम होम (WFH) के लिए प्रेरित किया जाए। वहीं जहां बड़ी संख्या में कार्मिक कार्यरत हैं, उन्हें सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम की अनुशंसा के लिए राज्य स्तर पर एडवाइजरी जारी की जाए। शिक्षा विभाग के सेमिनारों, बैठकों, वर्कशॉप समेत सरकारी बैठकों आदि का आयोजन वर्चुअली माध्यम से किया जाए।

राज्य सचिवालय/निदेशालय की 50 फीसदी बैठकें वर्चुअल की जाएं

राज्य सचिवालय/निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें भी वर्चुअली की जाएं। स्कूल-कॉलेजों में स्कूली बस के प्रयोग को प्रोत्साहित करें। आवश्यकता पड़ने पर परिवहन निगम की बसों को भी स्कूलों से जोड़ा जाए। पीक ऑवर में ईंधन का उपयोग कम करने के लिए कार्यालय समय को अलग-अलग बैचों में बांटा जा सकता है।

पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाओं को बढ़ाया जाए

मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक परिवहन, साइक्लिंग, कार पूलिंग, ईवी के प्रयोग पर जोर देते हुए कहा कि जिन शहरों में मेट्रो का संचालन हो रहा है, वहां लोग इसका अधिकतम प्रयोग करें। अधिक मांग वाले मार्गों पर बस समेत पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेवाओं को बढ़ाया जाए। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विद्युत बचाने की भी अपील की। साथ ही कहा कि सरकारी भवनों, घरों, निजी प्रतिष्ठानों आदि में अनावश्यक बिजली का प्रयोग न हो। निजी प्रतिष्ठानों/व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स आदि में रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों का न्यूनतम प्रयोग हो।

6 माह तक विदेश यात्रा से बचें

मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक साइकिलिंग शेयरिंग योजना को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि अगले छह माह तक गैर आवश्यक विदेशी यात्राएं न करें। सीएम ने नागरिकों, वेडिंग प्लानर्स आदि से देश में ही आयोजन करने की अपील की और कहा कि यूपी में भी हैरिटेज, ईको साइट्स, किले समेत अनेक अच्छे स्थल हैं, वहां भी डेस्टिनेशन वेडिंग को बढ़ावा दें।

संग्रहालयों, स्मारकों आदि को कुछ समय निःशुल्क किए जाने का भी निर्देश

सीएम योगी ने कहा कि विजिट माई स्टेट अभियान शुरू किया जाए, जिसमें वेलनेस, ईको, ग्रामीण, वन्यजीव तथा खानपान पर आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिले। यूपी पहला राज्य है, जिसने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ को लागू किया। उन्होंने संग्रहालयों, स्मारकों आदि को कुछ समय निःशुल्क किए जाने का भी निर्देश दिया।

Exit mobile version