Site icon Revoi.in

प्रयागराज : सिविल लाइंस स्थित क्लाइव रोड का नाम अब अतुल माहेश्वरी मार्ग, महापौर अभिलाषा गुप्ता ने नए बोर्ड का किया अनावरण

Social Share

प्रयागराज, 15 दिसम्बर। शहर के हृदयस्थल यानी सिविल लाइंस स्थित क्लाइव रोड का नाम अब अमर उजाला के नवोन्मेषक अतुल माहेश्वरी के नाम पर कर दिया गया है। प्रयागराज की महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने गुरुवार को इस मार्ग के नए नामकरण वाले स्टील फ्रेमिंग रेडियम बोर्ड का अनावरण किया। शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी सहित शहर के तमाम व्यापारी नेता और गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में महापौर ने विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर नए बोर्ड का अनावरण किया।

मार्ग का नामकरण होने से आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी

कार्यक्रम में उपस्थित गणामन्य लोगों ने कहा कि अमर उजाला को नया स्वरूप देने वाले अतुल माहेश्वरी के नाम पर मार्ग का नामकरण होने से आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा मिलेगी। अतुल माहेश्वरी ने समाज को नई दिशा देने का कार्य किया।

वक्ताओं का कहना था कि अमर उजाला की ओर से सिविल लाइन में लगने वाला कॉर्निवाल अपने आप में एक अनोखा आयोजन है। समाचार पत्र आमजन को जगाने का कार्य कर रहा है। अमर उजाला ने शहर में घर-घर में पैठ बना ली है। उन्होंने शहर की जनता से आग्रह किया कि अब इस मार्ग का नाम अपने बातचीत और व्यहार में भी लाएं। इसको अब इसी नए नाम से पुकारा जाए। जब भी लोगों को यहां का लोकेशन दें या लैंडमार्क का उल्लेख करें तो इसी नाम को बताएं।

विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने भी इस सड़क का नाम अतुल माहेश्वरी मार्ग करने पर प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि अतुल माहेश्वरी के द्वारा पत्रकारिता के क्षेत्र में दिए गए योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके बताए मार्ग पर चलकर अमर उजाला ऊंचाइयों को छू रहा है।

नगर निगम की नामकरण समिति ने सदल पटल पर रखा था प्रस्ताव

गौरतलब है कि नगर निगम की नामकरण समिति की ओर से क्लाइव रोड का नाम बदलकर अतुल माहेश्वरी मार्ग करने का प्रस्ताव सदन पटल पर रखा गया था, जिसे सदन में चर्चा के बाद ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। नगर निगम के अभियंताओं की टीम ने सिविल लाइंस में एक्सिस बैंक तिराहे से कानपुर रोड से लिंक इस मार्ग के नए नामकरण का स्टील फ्रेमिंग बोर्ड बुधवार की शाम को ही नगर निगम ने लगवा दिया था।