Site icon Revoi.in

द्रौपदी मुर्मू के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री योगी भी हुए शामिल, 15वें राष्ट्रपति के रूप में आज ली शपथ

Social Share

लखनऊ, 25 जुलाई। देश के 15वें राष्ट्रपति के रूप में निर्वाचित द्रौपदी मुर्मू आज 21 तोपों की सलामी के बीच में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। संसद भवन के सेंट्रल हाल में होने वाले इस शपथ ग्रहण समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए। इसके साथ ही शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सभी केन्द्रीय मंत्री, सांसद और सेना के सभी बड़े अफसर भी शामिल हुए। शपथ लेने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू संसद को संबोधित करेंगी।

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एन.वी रमना पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। देश के 15वें राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाली द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति बनी हैं। इसके साथ ही साथ उन्होंने स्वतंत्र भारत में जन्मीं पहली राष्ट्रपति भी होने का गौरव प्राप्त किया है।

इस कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मंत्रिपरिषद के सदस्य, उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, राजनयिक मिशनों के प्रमुख, संसद सदस्य और सरकार के प्रमुख असैन्य एवं सैन्य अधिकारी आदि शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना होंगी। इस दौरान वहां पर उनको इंटर-सर्विस गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा और निवर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को शिष्टाचार सम्मान दिया जायेगा। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इससे पहले आज राजघाट पर जाकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर नमन किया।

नवनिर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्म एनडीए की प्रत्याशी थीं। उनको उत्तर प्रदेश से संभावित से अधिक मत मिले। माना जा रहा है कि उनके पक्ष में उत्तर प्रदेश में काफी क्रास वोटिंग की गई। भाजपा के साथ सुभासपा तथा बसपा के विधायकों ने उनके पक्ष में मतदान किया, जबकि उनको कुछ वोट सपा से मिलने की संभावता जताई जा रही है।