Site icon hindi.revoi.in

छत्तीसगढ़: भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता नन्द कुमार साय कांग्रेस में शामिल

Social Share

रायपुर 1 मई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से कल इस्तीफा देने वाले राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता नन्द कुमार साय आज कांग्रेस में शामिल हो गए। साय ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। साय को कांग्रेस अध्यक्ष मरकाम ने सदस्य़ता दिलाई। इस मौके पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं मरकाम ने मुंह मीठा करवाकर साय का पार्टी में स्वागत किया।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद साय ने कहा कि आज की भाजपा अटल की भाजपा नहीं है। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार ने राज्य में बहुत अच्छा काम किया है। उन्होंने भूपेस सरकार की नरवा, गरवा, घुरवा और बारी योजना और राम वन गमन पथ के निर्माण तथा माता कौशिल्या के मन्दिर आदि का जिक्र किया और कहा कि सरकार के कामकाज ने उन्हे बहुत प्रभावित किया। उऩ्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होकर वह गरीबों की और बेहतर सेवा कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने श्री साय का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से आदिवासियों की आवाज और बुलन्द होंगी। बता दें साय ने कल शाम ही भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। साय ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव को भेजे अपने इस्तीफे में आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में भाजपा में उनकी छवि धूमिल करने के लिए पार्टी के भीतर के राजनीतिक प्रतिद्धन्दियों द्वारा लगातार कोशिशे की जा रही है।

Exit mobile version