Site icon Revoi.in

भारतीय ओलम्पिक दल प्रमुख गगन नारंग बोले – ‘नई ऊंचाईयों पर पहुंचा हमारे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास’

Social Share

पेरिस, 25 जुलाई। पेरिस ओलम्पिक खेलों में भारतीय दल के प्रमुख (शेफ-डी-मिशन) गगन नारंग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश के खिलाड़ियों की मानसिकता बदली है और उनका आत्मविश्वास नई ऊंचाईयों पर पहुंच गया है, जिससे उनकी निगाहें स्वर्ण पदक जीतने पर लगी होती हैं और वे अब किसी भी देश से भयभीत नहीं होते।

‘भारतीय खिलाड़ियों के सोचने का तरीके अब बदल चुका है

लंदन ओलम्पिक के कांस्य पदक विजेता निशानेबाज नारंग ने 33वें ओलम्पिक खेलों के उद्घाटन समारोह से एक दिन पहले यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, ‘अब हमारे खिलाड़ियों के सोचने के तरीके और उनकी प्रेरणा में काफी बदलाव आया है। पहले अन्य देशों के बेहतर होने से हम भयभीत रहते और इतने आत्मविश्वास से भरे नहीं रहते थे। लेकिन धीरे-धीरे इसमें बदलाव हुआ है, मानसिकता बदली है।’

‘आज खिलाड़ी सिर्फ भागीदारी के लिए बल्कि प्रदर्शन करने जाते हैं

उन्होंने कहा, ‘लोग खेलों को देखते हैं, खेलते हैं और फिर खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन भी किया है। आत्मविश्वास नई ऊंचाई पर है। आज खिलाड़ी सिर्फ भागीदारी के लिए नहीं जाते, बल्कि वे प्रदर्शन करने जाते हैं।’

नारंग ने कहा, ‘शीर्ष आठ या पांच में शामिल खिलाड़ी आज पदक जीतना चाहता है और वह भी अन्य कुछ नहीं बल्कि स्वर्ण पदक जीतना चाहता है। आज के खिलाड़ियों की सोच में यही अंतर आया है। वे नहीं सोचते कि कोई भी उनसे ऊपर है। वे प्रतिस्पर्धी को बराबरी पर समझते हैं, जो भारतीय खेलों के लिए सकारात्मक संकेत है।’