Site icon hindi.revoi.in

बिहार : पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर में आग से मची अफरा-तफी, बाल-बाल बचे छात्र

Social Share

पटना, 25 जून। भीषण गर्मी के बीच देश के अलग-अलग शहरों में इन दिनों अगलगी की घटनाएं बढ़ गई हैं। यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित कोचिंग सेंटर में भयावह हादसे के चार दिन भी नहीं बीते कि बिहार की राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान सर (खान ग्लोबल स्टडीज) के कोचिंग सेंटर में गुरुवार की शाम आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई।

अगलगी की घटना का जो वीडियो सामने आया है, उसमें दिख रहा है कि कोचिंग के बाहर छात्रों की भीड़ लगी है। कोचिंग सेंटर के बाहर धुआं-धुआं जैसा नजारा है। आग कैसे लगी, यह पता नहीं चला। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते ऐसा हुआ होगा। जांच के बाद पता चलेगा कि अचानक कैसे यह हादसा हुआ है।

किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस में चलता है कोचिंग सेंटर

पूरी घटना कदमकुआं थाना क्षेत्र की है। किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस में खान ग्लोबल स्टडीज सेंटर है। कई दिनों से कोचिंग सेंटर चर्चा में भी है। इसके बगल में रौशन आनंद का ज्ञान बिंदु कोचिंग भी है। आग हालांकि कोचिंग सेंटर के बाहर लगी और उसपर तुरंत काबू पा लिया गया, इसलिए कोई बड़ी घटना नहीं घटी।

कोचिंग सेंटर के बाह बोर्ड में लगी थी आग

बताया जाता है कि कोचिंग सेंटर के बाहर जो बोर्ड है, उसमें ये आग लगी थी। खान ग्लोबल स्टडीज को अग्निशमन विभाग की ओर से लगातार नोटिस दिया जा रहा था कि आपका जो संस्थान है, वो फायर सेफ्टी के मानको को पूरा नहीं कर रहा है।

छात्रों या स्टाफ को कोई नुकसान नहीं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय किसान कोल्ड स्टोरेज कैंपस में काफी संख्या में छात्र थे। बिजली पैनल खान ग्लोबल स्टडीज के बिल्कुल पास ही था। धुएं के गुबार को देख परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। कोचिंग प्रबंधन ने क्लास में मौजूद सभी छात्रों और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला। किसी को कोई क्षति नहीं पहुंची है। खबर लिखे जाने तक घटना को लेकर कोचिंग या प्रशासन की ओर से बयान नहीं आया था।

Exit mobile version