Site icon hindi.revoi.in

शतकवीर हीली का वनडे क्रिकेट से संन्यास, ऑस्ट्रेलियाई महिलाओं का भारत के खिलाफ क्लीन स्वीप

Social Share

होबार्ट, 1 मार्च। कप्तान एलिसा हीली ने रविवार को यहां बेलरीव ओवल में धमाकेदार शतकीय प्रहार (158 रन, 98 गेंद, दो छक्के, 27 चौके) के साथ जहां वनडे क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी वहीं उनकी ऑस्ट्रेलियाई टीम तीसरे व आखिरी महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में विश्व चैम्पियन भारत को 185 रनों से रौंदते हुए 3-0 के अंतर से क्लीन स्वीप हासिल करने में सफल रही।

410 रनों के विशाल लक्ष्य के सामने भारत 224 पर सीमित

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य ऑस्ट्रेलियाई ने 35 वर्षीया हीली, जो भारतीय टीम के अभिवादन के बीच अपना अंतिम वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने उतरीं, और बेथ मूनी (नाबाद 106 रन, 84 गेंद, एक छक्का, 10 चौके) की मदद से सात विकेट पर 409 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में भारतीय टीम 45.1 ओवरों में 224 रन पर ऑल आउट हो गई।

उल्लेखनीय है कि हीली आगामी छह मार्च से भारत के खिलाफ पर्थ में गुलाबी गेंद के साथ खेले जान वाले एकमात्र दिवा-रात्रि टेस्ट मैच के बाद अपने शानदार अंतरराष्ट्रीय करिअर को अलविदा कह देंगी। हीली ने 126 वनडे मैचों में 3777 रन बनाए हैं, जिसमें आठ शतक और 19 अर्धशतक शामिल हैं।

हीली ने वोल व मूनी संग कीं शतकीय भागीदारियां

ऑस्ट्रेलियाई पारी देखें तो फीबी लिचफील्ड (14) का विकेट जल्दी गिरने के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ हीली व जॉर्जिया वोल (62 रन, 52 गेंद, एक छक्का, सात चौके) ने दूसरे विकेट के लिए 134 रनों की साझेदारी की जबकि हीली व मूनी के बीच तीसरे विकेट के लिए 145 रनों की साझेदारी से मेजबान दल विशाल स्कोर तक जाने में सफल रहा।

श्रीचरणी 100 से ज्यादा रन लुटाने वाली तीसरी गेंदबाज बनीं

एनाबेल सदरलैंड (23 रन, 20 गेंद, तीन चौके) और निकोला कैरी (नाबाद 34 रन, 15 गेंद, एक छक्का, चार चौके) ने भी अंत में मूनी के साथ तेज हाथ दिखाए। भारत के लिए स्नेह राणा (2-66) व श्री चरणी (2-106) ने आपस में चार विकेट बांटे। लेकिन श्रीचरणी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में में 100 से अधिक रन लुटाने वाली सिर्फ तीसरी गेंदबाज बनीं।

भारत की एक भी बल्लेबाज अर्धशतक तक नहीं पहुंच सकी

विशाल लक्ष्य के सामने भारतीय टीम की एक भी बल्ल्लेबाज अर्धशतक का आंकड़ा पार नहीं कर सकी। स्नेह राणा (44 रन, 74 गेंद, छह चौके) सर्वोच्च स्कोरर रहीं। उनके अलावा जेमिमा रॉड्रिग्स (42 रन, 29 गेंद, नौ चौके), दीप्ति शर्मा (29 रन), ओपनर प्रतिका रावल (27 रन) व कप्तान हरमनप्रीत कौर (25 रन) 20 रनों के ऊपर जा सकीं। हालांकि कद्दावर ओपनर स्मृति मंधाना खाता खोलने में असफल रहीं। ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर अलाना किंग (4-33) ने मेहमानों को सबसे ज्यादा चोट पहुंचाई। जॉर्जिया वेरहैम ने सिर्फ तीन रन खर्च कर अंतिम दो विकेट लिए।

स्कोर कार्ड

भारत को पहले दो वनडे में क्रमशः छह और पांच विकेट से हार मिली थी। हालांकि मेहमान टीम ने पिछली तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से जीती थी। ऑस्ट्रेलिया अब तीनों प्रारूपों की इस सीरीज में अंक के आधार पर 8-4 से आगे है। तीनों प्रारूपों की सीरीज की ट्रॉफी अंक के आधार पर तय होगी, जिसमें हर टी20 और 50 ओवर की जीत के लिए दो अंक और टेस्ट जीतने पर चार अंक होंगे।

Exit mobile version