नई दिल्ली, 7 मार्च। केंद्र सरकार के सूत्रों ने शनिवार को भरोसा दिलाया कि देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें नहीं बढ़ेंगी क्योंकि भारत के एनर्जी स्टॉक की स्थिति में सुधार हो रहा है। सूत्रों ने यह भी कहा कि नई दिल्ली ने होर्मुज जलडमरूमध्य के अलावा दूसरे सोर्स से अपने कच्चे तेल के आयात में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की है।
यह घटनाक्रम ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) के होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की घोषणा के कुछ दिनों बाद हुआ है। यह एक अहम जलमार्ग है, जो दुनिया की पेट्रोलियम खपत का लगभग 20 फीसदी हिस्सा है। यह घोषणा तब की गई, जब गत 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान पर हमला किया और देश की सेना व नौसेना को निशाना बनाते हुए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के साथ कई बड़े धार्मिक नेताओं को मार डाला।
भारत का लगभग आधा पेट्रोलियम आयात होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है
बीबीसी की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत का लगभग आधा कच्चा तेल आयात, साथ ही इसकी लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) और लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) शिपमेंट का एक बड़ा हिस्सा, होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। 2025 में भारत ने लगभग 25 मिलियन टन एलएनजी इंपोर्ट किया, जिसमें से लगभग 14 मिलियन टन होर्मुज के रास्ते था, जिससे यह चीन, जापान और दक्षिण कोरिया के साथ दुनिया के सबसे बड़े एलएनजी खरीदारों में से एक बन गया।
सरकारी सूत्रों ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के अलावा, भारत का लगभग 60 प्रतिशत कच्चा तेल दूसरे तरीकों से आयात होता है। उन्होंने यह भी कहा कि अब यह आयात 60 फीसदी से बढ़कर 70 फीसदी हो गया है।
एनर्जी स्टॉक बेहतर हो रहे हैं : सरकारी सूत्र
सरकारी सूत्रों ने कहा, ‘हमारी रिव्यू मीटिंग में हमें लग रहा है कि हमारे एनर्जी स्टॉक बेहतर हो रहे हैं।’ उन्होंने कहा कि एक समय वे एलपीजी स्टॉक को लेकर चिंतित थे। कतर ने कथित तौर पर भारत को भरोसा दिलाया है कि जैसे ही रास्ता फिर से खुलेगा, वह सप्लाई फिर से शुरू कर देगा। लोगों को भरोसा दिलाते हुए सूत्रों ने कहा कि भारत के पास एलएनजी का सरप्लस स्टॉक है और उसे कई दूसरे देशों से भी एलएनजी का ऑफर मिला है।
एलपीजी की कीमत बढ़ाने पर कांग्रेस का आरोप बेबुनियाद
इस बीच एलपीजी के दाम बढ़ाए जाने पर कांग्रेस पार्टी के आरोपों को खारिज करते हुए केंद्र सरकार के सूत्रों ने इसे बेबुनियाद बताया और कहा कि यह सिर्फ पेट्रोल और डीजल के लिए कहा गया था और इसका एलपीजी से कोई लेना-देना नहीं है।

