Site icon hindi.revoi.in

CBSE का सर्कुलर : विद्यार्थियों के लिए एक जुलाई से नौवीं कक्षा में तीन भाषाओं की पढ़ाई अनिवार्य

Social Share

नई दिल्ली, 16 मई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE)  ने एक जुलाई, 2026 से नौवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए तीन भाषाओं (R1, R2 व R3) की पढ़ाई अनिवार्य कर दी है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया है कि दसवीं कक्षा में तीसरी भाषा (R3) के लिए कोई बोर्ड परीक्षा नहीं होगी।

10वीं कक्षा में तीसरी भाषा (R3) के लिए कोई बोर्ड परीक्षा नहीं होगी

CBSE ने 15 मई को जारी एक सर्कुलर में कहा कि तीन भाषाओं में से कम से कम दो भाषाएं भारतीय मूल की होनी चाहिए, जो राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और स्कूली शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचा (NCF-SE) 2023 के अनुरूप हों। बोर्ड ने कहा कि संशोधित ढांचे को राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 और स्कूली शिक्षा के लिए राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचे (NCF-SE) 2023 के अनुरूप बनाया गया है।

कम से कम दो भाषाएं भारतीय मूल की होनी चाहिए

सर्कुलर में कहा गया है, ‘1 जुलाई 2026 से, कक्षा नौवीं के लिए, तीन भाषाओं (R1, R2, R3) की पढ़ाई अनिवार्य होगी, जिसमें कम से कम दो भाषाएं भारतीय मूल की होनी चाहिए।’ जो विद्यार्थी कोई विदेशी भाषा पढ़ना चाहते हैं, उन्हें ऐसा करने की इजाजत होगी। वे इसे तीसरी भाषा के तौर पर चुन सकते हैं, बशर्ते उनकी बाकी दो भाषाएं भारतीय मूल की हों, या फिर वे इसे चौथी अतिरिक्त भाषा के तौर पर पढ़ सकते हैं।

बोर्ड ने अपनी आधिकारिक नोटिस में कहा, ‘यह देखते हुए कि मौजूदा शैक्षणिक सत्र अप्रैल, 2026 में शुरू हुआ था, सीबीएसई ने अपनी अध्ययन योजना को एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के अनुरूप बनाने के लिए एक संक्रमणकालीन दृष्टिकोण अपनाने का फैसला किया है।’

सभी शिक्षण संसाधनों को जारी किए गए दिशानिर्देश

सीबीएसई ने इसी क्रम में सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे भाषा शिक्षा के लिए अपडेट किए गए पाठ्यक्रम लक्ष्यों, दक्षताओं और सीखने के परिणामों को ध्यान से पढ़ें। शिक्षण संसाधनों पर दिशानिर्देश जारी किए अपने सर्कुलर में, सीबीएसई ने बताया कि मध्य चरण और माध्यमिक चरण की शिक्षा के बीच मुख्य भाषा दक्षताओं में 75-80% तक समानता है, जिसमें पढ़ने की समझ, लिखित अभिव्यक्ति और व्याकरण की जानकारी शामिल है।

R3 की विशेष पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध न होने तक कक्षा 6 की R3 पाठ्यपुस्तकों का उपयोग

जब तक R3 की विशेष पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक कक्षा नौ के छात्र चुनी गई भाषा के लिए कक्षा छह की R3 पाठ्यपुस्तकों (2026–27 संस्करण) का उपयोग करेंगे।

बोर्ड ने कहा कि स्कूलों को निर्देश दिया गया है कि वे इन पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ उपयुक्त स्थानीय या राज्य स्तरीय साहित्यिक सामग्री का भी उपयोग करें, जिसका चयन स्कूल स्वयं करेंगे। इस सामग्री में छोटी कहानियां, कविताएं या गैर-काल्पनिक रचनाएं शामिल हो सकती हैं।

सीबीएसई ने बताया कि 19 सूचीबद्ध भाषाओं में कक्षा छह की R3 पाठ्यपुस्तकें एक जुलाई से पहले स्कूलों को उपलब्ध करा दी जाएंगी। पूरक साहित्यिक सामग्री के चयन और उसके शिक्षण-संबंधी उपयोग के बारे में विस्तृत दिशानिर्देश सीबीएसई द्वारा 15 जून तक जारी कर दिए जाएंगे।

Exit mobile version