Site icon hindi.revoi.in

न्यू चंडीगढ़ टेस्ट : कप्तान शुभमन व राहुल के शतकीय प्रहार, भारत ने पहले ही दिन अफगानिस्तान पर कसा शिकंजा

Social Share

न्यू चंडीगढ़, 6 जून। कप्तान शुभमन गिल (नाबाद 103 रन, 143 गेंद, एक छक्का, 11 चौके) और उप कप्तान लोकेश राहुल (100 रन, 165 गेंद, 11 चौके) के शतकीय प्रहारों से भारत ने शनिवार से यहां अफगानिस्तान के खिलाफ प्रारंभ एकलौते टेस्ट के पहले ही दिन अपना शिकंज कस दिया और स्टंप्स तक तीन विकेट पर 368 रन बना लिए।

साई सुदर्शन व ऋषभ पंत ने भी ठोके अर्धशतक

महाराजा यादविंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में तपिश के बीच पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाले भारत को पहला आघात तो ओपनर यशस्वी जायसवाल (24 रन, 32 गेंद, पांच चौक) के रूप में जल्द ही लग गया, जिन्हें पेसर मोहम्मद सलीम (2-67) ने 12वें ओवर में विकेट के पीछे अफसर जजाई से कैच करा दिया (1-41)।

लेकिन इसके बाद अन्य बल्लेबाजों ने मेहमान गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि राहुल व गिल ने जहां शतक ठोके वहीं बी. साई सुदर्शन (81 रन, 104 गेंद, 13 चौके) व विकेटकीपर ऋषभ पंत (नाबाद 50 रन, 70 गेंद, तीन छक्के, दो चौके) ने भी अर्धशतक ठोके।

राहुल व सुदर्शन ने दूसरे विकेट पर 139 रनों की साझेदारी की

राहुल ने साई सुदर्शन संग लंच (1-96) पार किया और 12वें टेस्ट शतक के बीच 139 रनों की मजबूत शतकीय साझेदारी भी सामने आ गई। सलीम ने ही दूसरे सत्र में साई को लौटाकर यह भागीदारी तोड़ी (2-180) तो राहुल को गिल का साथ मिल गया। इन दोनों ने चाय (2-209) के पहले टीम को 200 रनों के पार पहुंचा दिया।

स्कोर कार्ड

राहुल ने चाय के बाद 61वें ओवर में जियाउर रहमान (1-61) की पहली गेंद पर दो रन लेकर अपना 12वां टेस्ट शतक पूरा किया, लेकिन अगली ही गेंद पर शॉर्ट एक्स्ट्रा कवर में रहमतुल्लाह गुरबाज को कैच थमा बैठे। इसके साथ ही उनकी गिल संग 67 रनों की भागीदारी टूट गई।

गिल व पंत के बीच चौथे विकेट के लिए अटूट 121 रनों की साझेदारी

उधर पंत ने उतरते ही प्रहार शुरू कर दिए तो गिल ने पचासा पूरा किया और बतौर कप्तान उनके 1000 टेस्ट रन भी पूरे हो गए। भारतीय कप्तान के रूप में यह दिनों के लिहाज से तीव्रतम और पारियों के लिहाज से दूसरा तीव्रतम एक हजार रन है। इसी क्रम में पंत ने 68वें ओवर में अब्दुल मलिक पर तीन छक्के जड़ दिए और टीम का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। गिल ने अंततः 83वें ओलर में सलीम की गेंद पर सिंगल से अपना 11वां टेस्ट शतक पूरा किया। निर्धारित से पांच ओवर पहले स्टंप्स उखाड़े गए तो गिल व पंत की साझेदारी 121 रनों तक जा पहुंची थी।

राहुल को किस्मत का भी सहारा मिला

कुल मिलाकर देखें तो 2018 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण के भाद भारत के खिलाफ सिर्फ दूसरा टेस्ट खेल रहे अफगानिस्तान को तेज गर्मी के बीच खराब क्षेत्ररक्षण का खामियाजा भी भुगतना पड़ा क्योंकि उसके क्षेत्ररक्षकों ने कई कैच टपकाए। वहीं शतकवीर राहुल को भी किस्मत का सहारा मिला। वह 11वें ओवर में जब 16 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तब रहमान की गेंद पर विकेटकीपर अफसर जजाई ने उनका कैच लपका, लेकिन मैदानी अंपायर ने उन्हें आउट नहीं दिया। रीप्ले में दिखा कि गेंद राहुल के बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के पास गई थी, लेकिन अफगानिस्तान ने डीआरएस का सहारा नहीं लिया।

वामहस्त स्पिनर मानव सुतार का टेस्ट पदार्पण

इससे पहले भारत ने बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर मानव सुतार को पदार्पण का मौका दिया। सुतार ने 29 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 129 विकेट चटकाने के अलावा 945 रन भी बनाए हैं।

Exit mobile version