Site icon Revoi.in

लोकसभा चुनाव : चौथे चरण का प्रचार थमा, 10 राज्यों की 96 सीटों पर 13 मई को मतदान

Social Share

नई दिल्ली, 11 मई। आंध्र प्रदेश और तेलंगाना समेत 10 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की 96 लोकसभा सीटों पर 13 मई को चौथे चरण के होने वाले मतदान के लिए शनिवार शाम को प्रचार अभियान समाप्त हो गया। आंध्र प्रदेश विधानसभा के लिए सभी 175 सीटों पर भी उसी दिनों वोटिंग होनी है।

इन दिग्गजों की किस्मत का होगा फैसला

लोकसभा चुनाव के इस चौथे चरण में आरक्षण, तुष्टिकरण नीति, भ्रष्टाचार और रोजगार जैसे मुद्दे चुनाव प्रचार में छाए रहे। इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (कन्नौज-उप्र), केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह (बेगूसराय-बिहार) और नित्यानंद राय (उजियारपुर-बिहार), कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी (बहरामपुर-पश्चिम बंगाल), भाजपा की पंकजा मुंडे (बीड – महाराष्ट्र), एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी (हैदराबाद-तेलंगाना) और आंध्र प्रदेश में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला (कडपा) चुनाव मैदान में हैं।

वहीं केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्र खीरी (उप्र) सीट से हैट्रिक बनाने की जुगत में हैं। उनका बेटा 2021 के लखीमपुरी हिंसा कांड में आरोपित है। तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा भी पश्चिम बंगाल की कृष्णानगर सीट से फिर संसद पहुंचने के प्रयास में लगी हुई हैं। उन्हें प्रश्न पूछने के बदले नकद लेने के मामले में लोकसभा से निष्कासित कर दिया गया था।

चौथे चरण के दौरान इन राज्यों में होनी है वोटिंग

तेलंगाना की 17, आंध्र प्रदेश की सभी 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की पांच, झारखंड की चार, मध्य प्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की आठ एवं जम्मू-कश्मीर की एक लोकसभा सीट (श्रीनगर) पर सोमवार को मतदान होगा। भाजपा नीत राजग के इन 96 लोकसभा सीट में से 40 से अधिक पर वर्तमान में सांसद हैं।

आंध्र प्रदेश विधानसभा के लिए भी सभी सीटों पर मतदान

इसके साथ आंध्र प्रदेश विधानसभा की सभी 175 सीटों पर भी 13 मई को ही मतदान होगा। राज्य में सत्तारूढ़ वाईएसआरसी, कांग्रेस नीत ‘इंडिया’ गठबंधन और राजग के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। राज्य में राजग में भाजपा, चंद्रबाबू नायडू की तेदेपा और पवन कल्याण की जनसेना पार्टी शामिल हैं।

आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी विधानसभा की सभी 175 और लोकसभा की सभी 25 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। राजग में तेदेपा 144 विधानसभा सीटों एवं 17 लोकसभों सीट पर जबकि भाजपा छह लोकसभा सीट एवं 10 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है। जनसेना दो लोकसभा सीट और 21 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ रही है।

पिछले विधानसभा चुनाव में वाईएसआरसीपी ने 151 और तेदेपा ने 23 जबकि जनसेना ने एक सीट जीती थी। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में वाईएसआरसीपी ने 22 जबकि चंद्रबाबू की पार्टी ने तीन लोकसभा सीटें जीती थीं।