Site icon Revoi.in

सिक्किम में हिमस्खलन के बीच खाई में गिरी बस, 7 लोगों की मौत, 150 से ज्यादा फंसे

Social Share

गंगटोक, 4 अप्रैल। सिक्किम के सोमगो में मंगलवार को मध्याह्न हुए हिमस्खल से सात लोगों की मौत हो गई है। यह हिमस्खलन गंगटोक और नाथु ला दर्रा को जोड़ने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर 12 बजकर 20 मिनट पर आया। इस बर्फीले तूफान की वजह से टूरिस्ट बस खाई में जा गिरी और मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चार पुरुष व दो महिलाओं के अलावा एक बच्चा भी शामिल बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 150 लोग बर्फ के नीचे फंस गए। 22 लोगों का सफल रेस्क्यू कर लिया गया है। इनमें से 6 को गहरी घाटी से निकाला गया। रेस्क्यू किए गए लोगों में 11 की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें गंगटोक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोगों ने सिक्किम पुलिस के साथ मिलकर जमीन पर रेस्क्यू शुरू कर दिया है। सड़क से बर्फ को हटाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। 80 गाड़ियों को भी मौके से हटा दिया गया है।

14वें माइलस्टोन पर हुआ हादसा

गौरतलब है कि नाथुला दर्रा चीन की सीमा पर स्थित है। प्राकृतिक सुंदरता के कारण यह पर्यटकों के लिए आकर्षक जगह है। हादसे वाले इलाके में 13वें माइलस्टोन तक जाने का पास जारी किया जाता है। इसके आगे जाने की परमिशन नहीं होती। बताया जा रहा है कि सैलानी जवाहरलाल नेहरू मार्ग पर 14वें माइलस्टोन तक चले गए और यहीं हादसा हो गया।

इससे पहले जनवरी में लद्दाख क्षेत्र के तंगोल गांव में भी हिमस्खलन आया था। उस तूफान ने दो लड़कियों की जान ले ली थी। इसी तरह पिछले साल उत्तरकाशी में एवलांच ने भारी तबाही मचाई थी और 16 लोगों की मौत हो गई थी।