Site icon Revoi.in

बसपा सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन आज, मुख्यमंत्री योगी और अखिलेश यादव ने दी बधाई

Social Share

लखनऊ, 15 जनवरी। बहुजन बसपा सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन आज है। ऐसे में आज का दिन पार्टी के कार्यकर्ता जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मना रहे हैं। मायावती के जन्मदिन पर सुबह से ही लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है। वहीं मायावती को सुबह से ही जन्मदिन की बधाइयां मिल रही हैं। कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग होर्डिंग और बैनर लगाकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बसपा प्रमुख मायावती को जन्मदिन की बधाई दी है।

सीएम योगी और अखिलेश याद ने दी बधाई
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मायावती को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही सीएम योगी ने उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना भी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा है कि ‘बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई! ईश्वर से आपके लिए उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना है।’ वहीं अखिलेश ने ट्वीट कर लिखा, उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री मायावती जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं।

माना जा रहा है कि मायावती आज अपने जन्मदिन के मौके पर आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भी कोई बड़ा ऐलान कर सकती हैं। पिछले कई दिनों से मायावती के इंडिया गठबंधन में जाने की चर्चाएं हो रही हैं, इस पर भी मायावती कोई ऐलान कर सकती हैं। फिलहाल पार्टी कार्यालय के बाहर मौजूद कार्यकर्ता अभी से मायावती की प्रेस कॉन्फ्रेंस का इंतजार कर रहे हैं। वहीं कार्यालय पर कई बड़े नेता भी मौजूद हैं। अभी तक कुछ कहा नहीं जा सकता है आगामी चुनाव को लेकर मायावती की क्या रणनीति होगी। इसपर अभी भी राजनीतिक दिग्गज सिर्फ संभावनाएं ही जता रहे हैं।