Site icon hindi.revoi.in

बसपा प्रमुख मायावती की मांग – चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट से जुड़े मुख्य प्रबन्धकों की भी जांच हो

Social Share

लखनऊ, 7 जुलाई। अयोध्या में श्री राम मंदिर के बाद अब बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी और गबन का मामला सुर्खियों में आने के बाद बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने निशाना साधा है। उन्होंने दोनों धर्मस्थलों पर ट्रस्टों से जुड़े मुख्य प्रबंधकों की गंभीरता से जांच करने की मांग की है।

यूपी की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए ये सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘यूपी के अयोध्या में श्रीराम मंदिर के बाद अब उत्तराखंड स्टेट में भी बद्रीनाथ धाम चढ़ावा में चोरी व गबन आदि होने का मामला काफी सुर्खियों में है। इन दोनों विख्यात धार्मिक स्थलों में इनके ट्रस्ट से जुड़े मुख्य प्रबन्धकों की भी सही से जांच होनी चाहिए वरना फिर आगे चलकर इनकी आड़ में इनके स्थान पर दूसरे बने मुख्य प्रबन्धक भी इसका दुरुपयोग कर सकते हैं। क्योंकि ऐसी आम चर्चा है कि निचले स्तर पर जो भी गड़बड़ी हुई है तो उसके लिए या तो मुख्य प्रबन्धकों की मिलीभगत है या फिर उनकी लापरवाही की वजह से यह सब कुछ हुआ है।’

मायावती ने लिखा, ‘अतः इस प्रकरण की अब सही से जांच होनी बहुत जरूरी है तथा इस मामले में सरकार व एसआईटी को भी विशेष ध्यान देना है। साथ ही सपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी आदि के जिन वरिष्ठ नेताओं द्वारा यहां (श्री राम मन्दिर) चढ़ावे में काफी मोटी रकम की चोरी व गबन आदि होने की बात कही जा रही है तो उनसे भी इसके पुख्ता सबूत लेने चाहिए, ताकि कोई भी चोरी व गबनकर्ता बच न सके, वरना इसकी आड़ में इसे कोरी राजनीति ही माना जाएगा अर्थात् श्रद्धा नहीं, जो जनहित के मुद्दों को दरकिनार करके, अब इस मुद्दे की आड़ में ये पार्टियां चुनाव में जाना चाहती हैं, ऐसी भी आम चर्चा है।’

Exit mobile version