मुंबई , 7 अक्टूबर। गुजरे जमाने के महान भारतीय लेग स्पिनर बीएस चंद्रशेखर और धुरंधर बल्लेबाज व पूर्व कैरेबियाई कप्तान ब्रायन लारा को मंगलवार को यहां सीएट क्रिकेट रेटिंग पुरस्कारों के दौरान ‘लाइफटाइम अचीवमेंट’ सम्मान दिया गया जबकि भारत के संजू सैमसन और वरुण चक्रवर्ती ने क्रमश: वर्ष के सर्वश्रेष्ठ पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज और गेंदबाज का पुरस्कार हासिल किया।
चैम्पियंस ट्रॉफी विजेता कप्तान रोहित शर्मा को विशेष स्मृति चिह्न
पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को कप्तान के रूप में 2025 चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने के लिए एक विशेष स्मृति चिह्न दिया गया जबकि श्रेयस अय्यर को 50 ओवर की प्रतियोगिता में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सर्वाधिक रन बनाने के लिए स्मृति चिह्न दिया गया।
जो रूट वर्ष के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पुरुष क्रिकेटर
इसी क्रम में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज इंग्लैंड के जो रूट ने वर्ष के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय पुरुष क्रिकेटर का पुरस्कार जीता। हैरी ब्रुक को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष टेस्ट बल्लेबाज घोषित किया गया जबकि श्रीलंका के प्रभात जयसूर्या को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ पुरुष टेस्ट गेंदबाज चुना गया।
महिला वर्ग में स्मृति व दीप्ति क्रमशः सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज व गेंदबाज
भारत की दीप्ति शर्मा को वर्ष की सर्वश्रेष्ठ महिला अंतरराष्ट्रीय गेंदबाज चुना गया जबकि स्मृति मंधाना ने सर्वश्रेष्ठ महिला अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज का पुरस्कार जीता।
हर्ष दुबे वर्ष के सर्वश्रेष्ठ घरेलू क्रिकेटर
रणजी ट्रॉफी 2024-25 में एक सत्र में सर्वाधिक 69 विकेट लेने का रिकॉर्ड बनाने वाले विदर्भ के हर्ष दुबे को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ घरेलू क्रिकेटर चुना गया। मुंबई के अंगकृष रघुवंशी को वर्ष का सर्वश्रेष्ठ उभरता खिलाड़ी चुना गया ।

