Site icon hindi.revoi.in

FIFA विश्व कप 2026 : आखिरी मिनट के गोल से ब्राजील अंतिम 16 में, जर्मनी व नीदरलैंड्स बाहर

Social Share

ह्यूस्टन, 30 जून। पांच बार के पूर्व चैम्पियन ब्राजील ने राउंड ऑफ 32 के एक रोमांचक मुकाबले में गैब्रियल मार्टिनेली द्वारा  स्टॉपेज टाइम के आखिरी मिनट किए गए गोल से जापान को 2-1 से हराकर FIFA विश्व कप 2026 के पूर्व क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। लेकिन चार बार के पूर्व विजेता जर्मनी और नीदरलैंड्स को बाहर का रास्ता देखना पड़ा।

पैराग्वे ने शूटआउट में जर्मनी की विदाई की, मोरक्को से हारा नीदरलैंड्स

बोस्टन में खेले गए रोमांच की पराकाष्ठा वाले मैच में जर्मनी व पैराग्वे निर्धारित समय तक 1-1 बराबर रहे। पेनाल्टी शूटआउट में पैराग्वे ने 4-3 की जीत से जर्मनों की उम्मीदें तोड़ दीं। कुछ वैसा ही नजारा मोंटेरे में दिखा, जब मोरक्को व नीदरलैंड्स का मुकाबला निर्धारित समय तक 1-1 से बराबरी पर छूटा। लेकिन पेनाल्टी शूटआउट में मोरक्को की टीम 3-2 से विजयी रही।

जापान के खिलाफ पिछड़ने के बाद ब्राजील ने वापसी की

ब्राजील बनाम जापान के बीच राउंड ऑफ 32 मुकाबले की बात करें तो यह अतिरिक्त समय की ओर बढ़ता दिख रहा था क्योंकि नियमित समय और छह मिनट के अतिरिक्त समय की शुरुआत तक दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर थीं। लेकिन मार्टिनेली ने आखिरी मिनट में शानदार गोल किया और टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम ब्राजील को अगले दौर में पहुंचा दिया। हालांकि मैच की शुरुआत में ब्राजील पिछड़ गया था, जब काइशु सानो ने 29वें मिनट में जापान को बढ़त दिलाई थी। फिलहाल 56वें ​​मिनट में कैसिमिरो ने ब्राजील को बराबरी दिलाई थी।

विश्व कप इतिहास में जर्मनी ने पहली बार पेनाल्टी शूटआउट गंवाया

सच पूछें तो टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर जर्मनी की विदाई के रूप में देखने को मिला, जिसे विश्व कप इतिहास में पहली बार पेनाल्टी शूटआउट गंवाना पड़ा। पहले हाफ के आखिर में जूलियो एनसिसो ने हेडर से गोल करके पैराग्वे को बढ़त दिलाई थी जबकि 52वें मिनट में काई हावर्ट्ज ने जर्मनी के लिए बराबरी का गोल किया। अतिरिक्त समय के 102वें मिनट में जर्मनी का एक गोल अमान्य कर दिया गया।

जर्मनी ने आखिरी बार 2014 में जीता था विश्व कप

अंततः पेनाल्टी शूटआउट में जर्मनी को हराने वाला पैराग्वे पहला देश बन गया। इसके साथ ही पैराग्वे ने लगभग 24 वर्षों बाद जर्मनी से हिसाब चुकता किया, जिसने इसके पूर्व दोनों टीमों की इकलौती मुलाकात (2002 में राउंड ऑफ 16) 1-0 से जीत हासिल की थी। वहीं 2014 में आखिरी बार ट्रॉफी जीतने के बाद जर्मनी विश्व कप में लगातार संघर्ष करता रहा है। पैराग्वे की अब फ्रांस बनाम स्वीडन मैच के  विजेता से टक्कर होगी।

नीदरलैंड्स पहली बार राउंड ऑफ 16 में नहीं पहुंच सका

नीदरलैंड्स का जहां तक सवाल है तो पहली बार टूर्नामेंट के राउंड ऑफ 16 में पहुंचने में असफल रहा। इससे पहले डच टीम 11 विश्व कप में कम से कम राउंड ऑफ 16 तक पहुंची था और चार वर्ष पहले कतर में वह क्वार्टर फाइनल तक जाने में सफल रही थी। वहीं मोरक्को ने पिछले विश्व कप में सेमीफाइनल तक का शानदार सफर तय किया था।

मोरक्को पिछले विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचा था

शूटआउट में नीदरलैंड्स के लिए ट्यून कूपमीनर्स व वाउट वेघोर्स्ट ने गोल किए जबकि मोरक्को के लिए सूफियान रहीमी, चेम्सदीन तालबी व इस्माइल सैबारी ने गोल कर टीम को रोमांचक जीत दिलाई। नियमित समय में कोडी गैकपो ने नीदरलैंड्स के लिए 72वें मिनट में गोल किया जबकि मोरक्को के इस्सा डियोप ने 91वें मिनट में स्कोर बराबर कर दिया।

दक्षिण अफ्रीका पर जीत से कनाडा पहली अंतिम 16 में

इसके पूर्व दिन के पहले राउंड ऑफ 32 मुकाबले में कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को 1-0 से हराकर विश्व कप इतिहास में पहली बार पूर्व क्वार्टर फाइनल का सफर तय किया। लॉस एंजलिस में खेले गए मैच का इकलौता गोल स्टॉपेज टाइम के दूसरे मिनट में स्टीफन यूस्टाकियो ने किया। कनाडा की अब क्वार्टर फाइनल में प्रवेश के लिए मोरक्को से मुलाकात होगी।

Exit mobile version