Site icon hindi.revoi.in

फ्रांसीसी राष्‍ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान होटल के पास बम व‍िस्‍फोट, कई लोग घायल

Social Share

दमिस्‍क, 7 जुलाई। फ्रांसीसी राष्‍ट्रपति इमैनुअल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान मंगलवार को राजधानी दम‍िश्‍क में जोरदार धमाका हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार मैक्रों जिस होटल में ठहरे हैं, उसके पास ही यह धमाका हुआ। हालांकि सुरक्षा सूत्रों का कहना है कि राष्‍ट्रपति मैक्रों को व‍िस्‍फोट की आवाजें नहीं सुनाई दीं। मैक्रों ने सीरियाई राष्‍ट्रपति अहमद अल शारा से मुलाकात भी की।

उल्लेखनीय है कि बशर अल असद सरकार के जाने के बाद सीरिया में राजनीतिक स्थिरता आ रही थी, लेकिन इस धमाके से वहां के सुरक्षा उपायों पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। सीरियाई गृह मंत्रालय ने कहा है कि इस विस्‍फोट में कम से कम 18 लोग घायल हुए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार फ्रांसीसी राष्‍ट्रपति किसी यूरोपीय देश के पहले राष्‍ट्राध्‍यक्ष हैं, जो सीरिया की यात्रा पर पहुंचे हैं। वर्ष 2024 में अल शारा ने असद को हटाकर सत्‍ता की कमान संभाली है। विस्‍फोट की आवाज को आसपास के इलाकों में भी सुना गया और धुआं निकलते देखा गया। इस विस्‍फोट के बाद सड़कों को बंद कर दिया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक फ्रांसीसी राष्‍ट्रपति के सुरक्षा कर्मियों को यह आवाज नहीं सुनाई दी।

बम व‍िस्‍फोट में 18 लोग घायल

प्रत्‍यक्षदर्शियों का कहना है कि सड़कों पर खून के छीटें देखे गए हैं। विस्‍फोट के बाद एक गाड़ी में आग लग गई। अब तक किसी भी गुट ने इस हमले की जिम्‍मेदारी नहीं ली है। सीरियाई मीडिया के मुताबिक यह धमाका फोर सीजन होटल के पास हुआ, जहां पर इमैनुअल मैक्रों ठहरे हुए हैं। सीरिया के गृह मंत्रालय ने कहा कि कम से कम 18 लोग घायल हुए हैं। इसमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। SANA न्‍यूज एजेंसी ने यह जानकारी दी है।

एक सुरक्षा अधिकारी ने अल जजीरा से कहा कि यह धमाका जिस इलाके में हुआ है, वह नागरिकों से भरा हुआ है। उन्‍होंने इसे आपराधिक काररवाई करार दिया है। उन्‍होंने बताया कि यह धमाका पर्यटन मंत्रालय के पास हुआ। यहीं पर इमैनुअल मैक्रों फोर सीजन होटल में रुके हुए हैं। मैक्रों के ऑफिस ने कहा है कि इस धमाके से यात्रा पर कोई असर नहीं पड़ा है और यह सामान्‍य तरीके से चल रही है।

Exit mobile version