Site icon Revoi.in

झारखंड : कोडरमा के पंचखेरो डैम में नौका पलटी, 9 लोग डूबे, एक सुरक्षित निकला

Social Share

कोडरमा, 17 जुलाई। झारखंड के कोडरमा जिले में रविवार को पूर्वाह्न भयावह हादसा हो गया, जब मरकच्चो प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचखेरो जलाशय में नौका डूब जाने से नौ लोग डूब गए। इनमें एक शख्स ही तैरकर सुरक्षित बाहर निकल सका।

पंचखेरो डैम गिरिडीह जिला और कोडरमा जिला के बॉर्डर एरिया में स्थित है। एनडीआरएफ की टीमों ने घटनास्थल पर पहुंची और राहत-एवं बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर मरकच्चो प्रखंड के सीओ राम सुमन प्रसाद, मरकच्चो थाना प्रभारी सुमित साव व नावलशाही थाना प्रभारी पंचम तिग्गा सहित पुलिस बल मौजूद है। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डूबने वालों में शिवम सिंह (17 वर्ष), पलक कुमारी (14 वर्ष), दोनों के पिता प्रदीप सिंह, सीताराम यादव (40 वर्ष) व उसके तीन बच्चे – शेजल कुमारी (16 वर्ष), हर्षल कुमार (8 वर्ष), बऊवा (5 वर्ष) के अलावा राहुल कुमार (16 वर्ष) व अमित (14 वर्ष) शामिल थे।

गिरिडीह जिले के निवासी पंचखेरो डैम घूमने आए थे

बताया जा रहा है कि ये सभी लोग गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के खेतो के बताये जा रहे हैं। रविवार को वे पंचखेरो डैम घूमने आए थे। इसी क्रम में उनकी नौका डैम के बीच पहुंची, तभी डूबने लगी। डूबे नौ लोगों में सिर्फ एक प्रदीप सिंह ही तैर कर बाहर निकल पाए।

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने की डीसी से बात

इस बीच केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने हादसे पर कहा, ‘डैम में लोगों के डूबने की खबर पाकर व्यथित हूं। ईश्वर की कृपा से एक के सुरक्षित निकलने की सूचना प्राप्त हुई है। शेष आठ लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है।’ उन्होंने कोडरमा और गिरिडीह के उपायुक्तों से बात की है। राहत और बचाव कार्य तत्परता से चलाने को कहा है। स्थानीय कार्यकर्ता भी पूरी तत्परता से बचाव कार्य में लगे हैं।