Site icon hindi.revoi.in

बांग्लादेश चुनाव : BNP बहुमत के करीब, तारिक रहमान की 17 वर्षों बाद धमाकेदार वापसी

Social Share

ढाका, 12 फरवरी। बांग्लादेश के आम चुनाव में सत्ता परिवर्तन की आहट सुनाई दे रही है। इस क्रम में 299 संसदीय सीटों पर हुए मतदान के बाद बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) बहुमत की ओर बढ़ रही है और अब तक घोषित नतीजों में पार्टी 120 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। सरकार बनाने के लिए 150 सीटों का आंकड़ा जरूरी है।

वहीं पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत बेगम खालिदा जिया के बेटे व बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने 17 वर्षों बाद बांग्लादेश में धमाकेदार वापसी की है। इस क्रम में उन्होंने दोनों निर्वाचन क्षेत्रों से बड़ी जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक पकड़ का प्रदर्शन किया है।

जमात-ए-इस्लामी के गठबंधन को झटका

दूसरी ओर, जमात-ए-इस्लामी के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे 11 दलों के गठबंधन को अंतिम समाचार मिलने तक 38 सीटों पर संतोष करना पड़ा है। जमात प्रमुख शफीकुर रहमान ने ढाका-15 सीट से जीत दर्ज की है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि मौजूदा रुझान बरकरार रहे तो बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि, सरकार गठन को लेकर अंतिम निर्णय पूर्ण परिणामों पर निर्भर करेगा।

NCP ने नतीजों को बदलने की कोशिश का लगाया आरोप

वहीं नेशनल सिटिजन्स पार्टी (NCP) के नेता नासिरुद्दीन पटवारी ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर दावा किया कि ‘नतीजों को बदलने के प्रयास किए जा रहे हैं, सभी सावधान रहें। जो लोग अब तक अपने मतदान केंद्रों की सुरक्षा के लिए नहीं आए हैं, वे आगे आएं।’ पार्टी संयोजक नाहिद इस्लाम ने समर्थकों से ढाका के आठों निर्वाचन क्षेत्रों में जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्रों और आम लोगों के मतदान अधिकारों की रक्षा के लिए सभी को आगे आना चाहिए।

Exit mobile version