Site icon Revoi.in

उपचुनाव परिणाम 2022 : भाजपा ने 10 में 5 सीटें जीतीं, कांग्रेस के खाते में दो सीटें

Social Share

नई दिल्ली, 26 जून। देश के छह राज्यों में लोकसभा की तीन और विधानसभा की सात सहित कुल 10 सीटों पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने लोकसभा की दो सहित कुल पांच सीटें जीतीं वहीं कांग्रेस के खाते में दो सीटें गईं जबकि शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर), वाईएसआरसीपी और आम आदमी पार्टी को एक-एक सीट मिली।

लोकसभा उपचुनाव परिणाम के लिए यहां क्लिक करें 

दिल्ली और पांच अन्य राज्यों की तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों पर गत 23 जून को उपचुनाव कराए गए थे। इन सभी सीटों पर रविवार को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए गए। इस उपचुनाव में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आजम खान और पंजाब के सीएम भगवंत मान का राजनीतिक भविष्य दांव पर था।

विधानसभा उपचुनाव परिणाम के लिए यहां क्लिक करें 

निर्वाचन आयोग की ओर से घोषित परिणामों के अनुसार भाजपा ने तीन लोकसभा सीटों में से दो (यूपी में रामपुर और आजमगढ़) पर जीत हासिल की जबकि पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट शिअद (अमृतसर) के खाते में गई। सात विधानसभा सीटों में से भाजपा ने तीन (सभी त्रिपुरा) सीटें जीतीं जबकि कांग्रेस को दो सीटें मिली और एक-एक सीट ‘आप’ और वाईएसआरसीपी के खाते में गई।

त्रिपुरा विधानसभा में भाजपा ने 3 सीटें जीतीं, कांग्रेस को एक सफलता

भारतीय जनता पार्टी ने त्रिपुरा की टाउन बारदोवाली, जुबराजनगर और सूरमा विधानसभा सीटें जीतीं। यहां कांग्रेस को एक सफलता मिली, जब सुदीप रॉय बर्मन ने अगरतला निर्वाचन क्षेत्र की सीट जीती। इसके साथ ही विधानसभा में कांग्रेस का खाता खुल गया।

झारखंड : रांची की मांडर विधानसभा सीट कांग्रेस प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की ने जीती

वहीं झारखंड में रांची के मांडर विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव कांग्रेस प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्याशी गंगोत्री कुजूर को 23517 मतों से पराजित कर जीता।

दिल्ली : ‘आप के दुर्गेश पाठक ने जीती राजिंदर नगर विस सीट

‘आप’ ने पंजाब के संगरूर लोकसभा उपचुनाव में हार मान ली और शिअद (अमृतसर) के सिमरनजीत सिंह मान को उनकी जीत पर बधाई दी। लेकिन दुर्गेश पाठक ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के लिए राजिंदर नगर विधानसभा उपचुनाव जीत लिया।

दुर्गेश पाठक ने भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राजेश भाटिया को 11, 468 मतों से पराजित किया। पाठक को 40,319 मत मिले जबकि भाटिया को 28,851 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस ने यहां से प्रेमलता को उतारा था। राजेंद्र नगर के विधायक राघव चड्ढा के त्यागपत्र के बाद यहां उपचुनाव कराने की जरूरत पड़ी, जो राज्यसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं।

आंध्र की आत्मकुरु विधानसभा सीट पर वाईएसआरसीपी का कब्जा बरकरार

उधर आंध्र प्रदेश के आत्मकुरु विधानसभा सीट पर सत्तारूढ़ वाईएसआरसीपी अपना कब्जा बरकार रखने में कामयाब रही। एसपीएस नेल्लेर जिले की इस सीट पर पार्टी उम्मीदवार मेकापति विक्रम रेड्डी ने 82,888 मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की। विक्रम रेड्डी 1,02,241 वोट मिले जबकि भाजपा के जी. भरत कुमार यादव को 19,353 मत ही मिले।