Site icon Revoi.in

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी बोले – सीएम योगी को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी राजनीतिक अपरिपक्वता

Social Share

लखनऊ, 7 फरवरी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कड़ा जवाब दिया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि सीएम योगी आदित्यनाथ पर राहुल गांधी की टिप्पणी ओछी और निंदनीय है, जो यह साबित करने के लिए पर्याप्त है कि उन्हें न इतिहास पता है और न ही वर्तमान का ज्ञान है। योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कानून का राज स्थापित किया है, विकास के कार्य हो रहे हैं।

राहुल ने योगी आदित्यनाथ को कहा था मामूली ठग

गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने बयान में कहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कोई धर्मगुरु नहीं बल्कि एक मामूली ठग है। जिसका जवाब भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दिया है। चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी का यह बयान उनकी राजनीतिक अपरिपक्वता है। राहुल मोह निंद्रा में हैं। वह उत्तर प्रदेश में आए नहीं हैं, इसलिए उन्हें यूपी के विकास की जानकारी नहीं है।

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट सहित विकास के एजेंडे पर लगातार बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सर्वस्पर्शी सनातन संस्कृति के उपासक हैं। योगी के लिए मानव मात्र की चिंता, उसकी समस्याओं का निराकरण और बिना भेदभाव सबका कल्याण सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी कांग्रेस हमेशा से आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही है। भगवान राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल खड़ा करने वालों को गोरक्षपीठ की सामाजिक समरसता के बारे में ज्ञान नहीं है।