Site icon Revoi.in

भाजपा ने शुरू की विधानसभा चुनाव की तैयारी, 4 राज्यों के लिए नियुक्त किए प्रभारी

Social Share

नई दिल्ली, 17 जून। लोकसभा चुनाव के नतीजे के बाद केंद्र में लगातार तीसरी बार सत्ता संभाल चुकी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है। इस क्रम में पार्टी ने सोमवार को महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में प्रभारी और सहप्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इन राज्यों में प्रभारी के रूप में केंद्रीय मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री के नामों की घोषणा की।

राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगामी विधानसभा चुनाव – महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड और जम्मू-कश्मीर के लिए प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं सह-प्रभारियों की नियुक्ति की है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

भूपेंद्र यादव को महाराष्ट्र की जिम्मेदारी

पार्टी ने महाराष्ट्र के प्रभारी के रूप में केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव को जिम्मेदारी सौंपी हैं। उनके साथ रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सह प्रभारी होंगे। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हरियाणा के लिए प्रदेश चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है जबकि त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री व मौजूदा सांसद बिप्लव कुमार देव को सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

धर्मेंद्र प्रधान हरियाणा, शिवराज झारखंड व किशन रेड्डी को जम्मू-कश्मीर का प्रभार

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा समय केंद्रीय कृषि व ग्रामीण विकास पंचायती राज मंत्री शिवराज सिंह चौहान को झारखंड के चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा को प्रदेश का सह चुनाव प्रभावी नियुक्त किया गया है। वहीं केंद्रीय कोयला व खदान मंत्री जी. किशन रेड्डी को जम्मू-कश्मीर का प्रदेश चुनाव प्रभारी बनाया गया है।