Site icon hindi.revoi.in

पश्चिम बंगाल में अब भाजपा राज : शुभेंदु अधिकारी बने नए मुख्यमंत्री, 5 अन्य विधायकों ने भी ली मंत्री पद की शपथ

Social Share

कोलकाता, 9 मई। देश के पूर्वी राज्य पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में पहली बार शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के शासनकाल की शुरुआत हो गई, जब विधानसभा चुनाव में बंपर बहुमत के साथ तृणमूल कांग्रेस (TMC) का डेढ़ दशक पुराना साम्राज्य खत्म करने वाली पार्टी के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के नौवें मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली।

मध्य कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड पर आयोजित भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने शुभेंदु अधिकारी को पद व गोपनीयता की शपथ ली। शुभेंदु ने भवानीपुर में पूर्व सीएम ममता बनर्जी को शिकस्त दी थी। प्रोटोकॉल के हिसाब से ममता बनर्जी को भी शपथ ग्रहण समारोह का न्योता भेजा गया था। लेकिन वह नहीं आईं।

शुभेंदु के साथ इन 5 विधायकों ने भी शपथ

भाजपा में शामिल होने से पहले कभी ममता सरकार में मंत्री रहे पुरबा मेदिनीपुर निवासी 55 वर्षीय शुभेंदु के साथ पांच अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली, जिनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, निसिथ प्रामाणिक, खुदीराम टुडू और अशोक कीर्तनिया ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

पीएम मोदी सहित एनडीए के दिग्गज नेता रहे मौजूद

शपथ समारोह में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हुए। उनके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ व दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई दिग्गत नेता भी समारोह का हिस्सा बने।

उल्लेखनीय है कि पार्टी की ओर से केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में नियक्त किए गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां पश्चिम बंगाल भाजपा विधायक दल की बैठक में विधायक दल के नेता के रूप में शुभेंदु अधिकारी के नाम की घोषणा की थी। इसके बाद शुभेंदु ने राज्यपाल रवि से मुलाकात की और विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

स्मरण रहे कि विधानसभा चुनाव में राज्य की एक (फाल्टा) छोड़ 293 सीटों के सामने आए परिणाम में 207 सीटों पर भाजपा ने प्रचंड जीत दर्ज की थी। वहीं, टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमटकर रह गई और उसके 15 वर्षों के शासन का खात्मा हो गया।

Exit mobile version