Site icon Revoi.in

यूपी चुनाव : भाजपा ने जारी की 85 उम्मीदवारों की तीसरी सूची, पूर्व आईपीएस असीम अरुण व अदिति भी शामिल

Social Share

लखनऊ, 21 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 85 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी कर दी। इस सूची में पूर्व आईपीएस असीम अरुण और कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने वाली अदिति सिंह के नाम भी शामिल हैं।

सोनिया गांधी के गढ़ रायबरेली से जोर आजमाएंगी अदिति

अदिति सिंह की बात करें तो भाजपा में जुड़ने से पहले भी वह नेतृत्व की कमी समेत कई मुद्दों पर कांग्रेस पर लगातार हमला करती रही हैं। भाजपा ने उन्हें कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी के गढ़ माने जाने वाले रायबरेली से टिकट दिया है। अदिति सिंह यहां से पांच बार विधायक रह चुके अखिलेश सिंह की बेटी हैं। अखिलेश सिंह का हाल ही में निधन हुआ था।

 

असीम अरुण को कन्नौज से दिया गया टिकट

वहीं पूर्व आईपीएस अफसर असीम अरुण को कन्नौज सीट से ताल ठोकेंगे। असीम अरुण ने बीते दिनों कानपुर के पुलिस कमिश्नर के पद से वीआरएस लेकर भाजपा ज्वॉइन की थी। कानपुर शहर के पहले पुलिस कमिश्नर रहे असीम अरुण मूल रूप से कानपुर संभाग के कन्नौज जिले के रहने वाले हैं।

1994 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे असीम अरुण का जन्म 3 अक्टूबर, 1970 को बदायूं में हुआ था। उनके पिता श्री राम अरुण की गिनती भी प्रदेश के तेजतर्रार आईपीएस में होती थी। वह भी राज्य के डीजीपी का पद भी संभाल चुके हैं।

भाजपा अब तक 194 उम्मीदवारों की कर चुकी है घोषणा

देखा जाए तो यूपी की कुल 403 सीटों में से भाजपा अब तक 194 उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। हालांकि उसने लगभग 30 सीटें अपने सहयोगी दलों – निषाद पार्टी और अपना दल (एस) के लिए छोड़ी हैं।

भाजपा की पहली लिस्ट में 107 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की गई थी, जिनमें सीएम योगी आदित्यनाथ (गोरखपुर सदर) और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (कौशांबी की सिराथू सीट) के नाम शामिल थे। इसके बाद गत मंगलवार को दूसरी लिस्ट बरेली की दो विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा की गई थी।

पंजाब चुनाव के लिए भी 34 उम्मीदवारोँ की पहली सूची जारी

उधर नई दिल्ली में भाजपा महासचिव तरुण चुग ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भी आज ही 34 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की। फिरोजपुर शहर विधानसभा सीट से राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी को जबकि अरविंद खन्ना को संगरूर से उम्मीदवार बनाया गया है।

तरुण चुग ने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा करते हुए कहा कि इस सूची में 12 उम्मीदवार किसान परिवारों से हैं। वहीं, आठ उम्मीदवार अनुसूचित जाति और 13 सिख समुदाय से हैं।