Site icon Revoi.in

उत्तराखंड चुनाव : भाजपा ने जारी की 59 प्रत्याशियों की पहली सूची, सीएम पुष्कर सिंह धामी खटीमा से लड़ेंगे

Social Share

नई दिल्ली, 20 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी ने 70 सीटों वाली उत्तराखंड विधानसभा के चुनाव को लेकर आज 59 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। शेष 11 सीटों के लिए दावेदारों के नामों पर दोबारा मंथन के बाद दूसरी सूची जारी होगी। फिलहाल पहली सूची के हिसाब से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उधम सिंह नगर जिले की अपनी मौजूदा विधानसभा सीट खटीमा से चुनाव लड़ेंगे।

पहली सूची में 5 महिलाएं शमिल, 10 मौजूदा विधायकों के टिकट कटे

उत्तराखंड के प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में 59 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इस बार पांच महिलाओं को टिकट दिया गया है। वहीं 13 ब्राह्मण नेताओं को टिकट दिया गया है जबकि 10 मौजूदा विधायकों के टिकट कटे हैं।

प्रहलाद जोशी ने कहा कि भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा उत्तराखंड की रचना हुई। कांग्रेस पार्टी और अन्य दल तब भी उत्तराखंड के गठन का विरोध कर रहे थे। यूपीए के कार्यकाल में भी उत्तराखंड के साथ सौतेला व्यवहार किया गया।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखंड में विकास हो रहा है। देश की सुरक्षा में उत्तराखंड का बहुत बड़ा योगदान है। उत्तराखंड में सैन्य धाम की स्थापना की कल्पना भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने की है।