Site icon Revoi.in

लोकसभा चुनाव : भाजपा ने जारी की 72 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, नितिन गडकरी नागपुर से लड़ेंगे चुनाव, करनाल से मनोहर लाल खट्टर प्रत्याशी घोषित

Social Share

नई दिल्ली, 13 मार्च। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और अनुराग ठाकुर समेत 72 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

भाजपा की दूसरी लिस्ट के मुताबिक नितिन गडकरी महाराष्ट्र की उप राजधानी नागपुर से ही चुनाव लड़ेंगे जबकि, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर, कर्नाटक के पूर्व सीएम बसवराज बोम्मई हावेरी, भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या बेंगलुरु दक्षिण और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल मुंबई उत्तर से चुनाव लड़ेंगे।

वहीं पार्टी ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को करनाल लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। खट्टर ने मंगलवार को ही पूरी कैबिनेट सहित इस्तीफा दे दिया था और नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुआई में गठित नई सरकार ने आज विश्वास मत भी हासिल कर लिया। विश्वास मत के लिए आज आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान ही खट्टर ने करनाल विधानसभा सीट से अपने इस्तीफे की भी घोषणा की थी।

पीएम मोदी सहित 195 प्रत्याशियों की पहली सूची 3 मार्च को जारी हुई थी

इसे पहले भाजपा ने गत दो मार्च को 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेश की 195 लोकसभा सीटों पर उम्मदीवारों की घोषणा की थी। उस सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य दिग्गजों के नाम शामिल थे।