Site icon Revoi.in

भाजपा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी बोले – आर्थिक विकास के मामले में पीएम मोदी फेल, राष्ट्रीय सुरक्षा भी कमजोर हुई

Social Share

नई दिल्ली, 19 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए आर्थिक मोर्चे के साथ सुरक्षा मामलों में भी उन्हें असफल करार दिया है।

अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए चर्चिच सुब्रमण्यम स्वामी ने कहा कि पीएम मोदी आठ वर्षों के अपने कार्यकाल में देश के आर्थिक विकास के मामले में पूरी तरह फेल साबित हुए हैं। इस कड़ी में 2016 के बाद से विकास दर लगातार नीचे गिरी है।

स्वामी ने आर्थिक मामलों के अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा के मु्द्दे पर भी पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया राष्ट्रीय सुरक्षा व्यापक तौर पर कमजोर हुई है। पीएम मोदी चीन के मामले पर पूरी तरह से अनजान हैं।

2016 के बाद से विकास दर में लगातार गिरावट जारी

सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट में लिखा, ‘सत्ता के 8 वर्षों में हम देख रहे हैं कि मोदी आर्थिक विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने में विफल रहे हैं। इसके विपरीत, 2016 के बाद से विकास दर में सालाना गिरावट आई है। राष्ट्रीय सुरक्षा बेहद कमजोर हुई है। मोदी चीन के बारे में अनजान हैं। स्थिति के ठीक होने की गुंजाइश है, लेकिन क्या वह जानते हैं कि ये कैसे होगा?’

यह पहली बार नहीं है, जब स्वामी ने अपनी ही सरकार और पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। पिछले वर्ष भी उन्होंने केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा था कि प्रधानमंत्री और न ही वित्त मंत्री को अर्थशास्त्र की समझ है। उन्होंने देश में महंगाई के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा था कि वह किसी से सलाह नहीं लेती हैं।

स्वामी ने कहा, ‘सरकार अर्थशास्त्र नहीं समझती है। न प्रधानमंत्री जानते हैं और  न वित्त मंत्री।’ उन्होंने कहा कि वे किसी से इस पर सलाह-मशविरा भी नहीं करते। विकास दर में गिरावट आने पर भी वे नहीं जानते कि क्या किया जाना चाहिए। भाजपा नेता ने यह भी कहा कि सीमा मुद्दे पर चीन के साथ सरकार के व्यवहार से वह संतुष्ट नहीं हैं।