Site icon hindi.revoi.in

पश्चिम बंगाल : ब्रिगेड परेड ग्राउंड में 9 मई को होगा भाजपा सरकार का शपथग्रहण समारोह

Social Share

कोलकाता, 6 मई। पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास में पहली बार बनने जा रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार का शपथग्रहण नौ मई को होगा। भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख समिक भट्टाचार्य ने बुधवार को यह जानकारी दी।

समिक भट्टाचार्य ने बताया कि शपथग्रहण समारोह मध्य कोलकाता स्थित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में पूर्वाह्न 10 बजे होगा। हालांकि अब तक यह तय नहीं कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता का चयन किया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। अटकलें यही लगाई जा रही हैं कि राज्य में भाजपा के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता शुभेंदु अधिकारी ही सीएम के रूप में शपथ ले सकते हैं, जिन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट पर 15 हजार से ज्यादा मतों से शिकस्त दी।

शपथ के बाद पार्टी जारी करेगी श्वेत पत्र, जिसमें टीएमसी नेताओं की लूट का जिक्र होगा

उल्लेखनीय है कि भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करते हुए तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्षों के शासन का अंत कर दिया। भट्टाचार्य ने कहा, ‘पार्टी की जीत और मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के बाद हम एक श्वेत पत्र जारी करेंगे, जिसमें दिखाएंगे कि टीएमसी ने लोगों को कितना लूटा है।’

शुभेंदु बोले – ‘10 दिनों में जीती हुई दो विधानसभा सीटों में से एक खाली कर दूंगा’

इस बीच शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि 10 दिनों के भीतर दो में से एक विधानसभा सीट खाली कर देंगे। पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा कि वह कौन सी विधानसभा सीट अपने पास रखेंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं 10 दिनों के अंदर एक सीट खाली कर दूंगा। पार्टी तय करेगी कि मैं कौन सी सीट रखूंगा। मैं भवानीपुर और नंदीग्राम के लोगों के प्रति अपनी ज़िम्मेदारी नहीं भूलूंगा।’ शुभेंदु ने भवानीपुर सीट के अलावा नंदीग्राम से लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है।

अमित शाह नियुक्त किए गए हैं केंद्रीय पर्यवेक्षक

गौरतलब है कि सरकार गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए भाजपा ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। दोनों नेता नवनिर्वाचित विधायकों के साथ बैठक कर मुख्यमंत्री और कैबिनेट के नामों पर अंतिम निर्णय लेंगे।

20 राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ समारोह में शामिल होंगे

इस बीच नई कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में मुख्य सचिव दुष्यंत नरियाला, सुनील बंसल (भाजपा के स्टेट के सेंट्रल ऑब्जर्वर इंचार्ज), सांसद सौमित्र खान और स्टेट भाजपा महासचिव शशि अग्निहोत्री मौजूद थे। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दूसरे केंद्रीय मंत्री इस शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा, भाजपा शासित 20 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के भी शामिल होने की उम्मीद है।

 

Exit mobile version