Site icon Revoi.in

राज्यसभा उपचुनाव : भाजपा ने घोषित किए 9 उम्मीदवार, केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन सहित ये नाम शामिल

Social Share

नई दिल्ली, 20 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यसभा की 12 सीटों पर प्रस्तावित उप चुनाव के लिए अपने नौ उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इस लिस्ट में केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कुरियन व रवनीत सिंह बिट्टू सहित कई बड़े नेताओं के नाम शामिल हैं।

भाजपा ने जॉर्ज कूरियन को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजने का फैसला किया जबकि रवनीत सिंह बिट्टू को राजस्थान से प्रत्याशी घोषित किया गया है। वहीं बिहार से बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन व वरिष्ठ अधिवक्ता मनन कुमार मिश्र उम्मीदवार होंगे। त्रिपुरा से राजीब भट्टाचार्य को राज्यसभा भेजने की तैयारी है जबकि हरियाणा से किरण चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है।

ये हैं भाजपा उम्मीदवार

हरियाणा की विधायक रहीं किरण चौधरी की बात करें तो उन्होंने हाल ही में विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। करीब दो माह पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं चौधरी ने मंगलवार को ही अपने इस्तीफे की पुष्टि की थी। हरियाणा में एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव हो रहा है। ये सीट कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने खाली की है, जो रोहतक से लोकसभा के लिए चुने गए थे। उल्लेखनीय है कि हरियाणा में विधानसभा चुनावों की तारीख घोषित हो चुकी है। राज्य की सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में एक अक्टूबर को मतदान होगा और चार अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।

इसके अलावा, भाजपा ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा की एक सीट पर उपचुनाव के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (बीजेवाईएम) के साथ राजनीति में प्रवेश करने के बाद कुरियन पिछले चार दशकों से केरल भाजपा इकाई में संगठन के व्यक्ति रहे हैं। कुरियन बुधवार को यहां अपना नामांकनपत्र दाखिल करेंगे। भाजपा नेता एवं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के राज्यसभा से त्यागपत्र के कारण मध्य प्रदेश में रिक्त हुई एक सीट पर उपनिर्वाचन के लिए नामांकनपत्र दाखिले की अंतिम तिथि बुधवार यानी 21 अगस्त है।

48 वर्षीय रवनीत बिट्टू लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार के रूप में पंजाब के लुधियाना से चुनाव लड़ा था, लेकिन कांग्रेस नेता अमरिंदर सिंह राजा वारिंग से हार गए थे। बिट्टू वर्तमान में केंद्रीय रेल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री हैं।

कुल 12 सीटों के लिए 3 सितम्बर को होगा उपचुनाव

नौ राज्यों की 12 रिक्त राज्यसभा सीटों के लिए तीन सितम्बर को उपचुनाव होगा। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, सर्बानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत मौजूदा सदस्यों के लोकसभा के लिए चुने जाने के कारण राज्यसभा की 10 सीटें खाली हो गई हैं। वहीं तेलंगाना और ओडिशा में भी दो सीटों के लिए उपचुनाव होना है।

उपचुनाव के बाद उच्च सदन में एनडीए को पूर्ण बहुमत मिलने की उम्मीद

उपचुनाव इसके बाद भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को उच्च सदन में स्पष्ट बहुमत हासिल होने की उम्मीद है। इससे पार्टी को वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे प्रमुख विधेयकों को पारित कराने में मदद मिलेगी। वर्तमान में 229 सदस्यों वाले उच्च सदन में भाजपा के 87 सांसद हैं तथा इसके सहयोगी दलों के साथ यह संख्या 105 है। छह मनोनीत सदस्यों को, जो आमतौर पर सरकार के पक्ष में वोट करते हैं, मिलाकर राजग के सांसदों की संख्या 111 हो जाती है, जो 115 के बहुमत के आंकड़े से चार कम है।

उच्च सदन में कांग्रेस के 26 सदस्य हैं तथा इसके सहयोगी दलों के 58 सदस्य और जुड़ने से विपक्षी गठबंधन के सदस्यों की संख्या 84 हो गई है। प्रमुख तटस्थ दलों में 11 सदस्यों वाली वाईएसआर कांग्रेस पार्टी और आठ सदस्यों वाली बीजद शामिल हैं।

भाजपा और सहयोगी दलों को 12 में से 11 सीटें मिल सकती हैं

भाजपा और इसके सहयोगी दलों को चुनाव में 12 में से 11 सीटें मिलने की उम्मीद है, जिससे 245 सदस्यीय सदन में राजग का संख्याबल 122 हो जाएगा। जम्मू-कश्मीर से उच्च सदन में चार सीटें रिक्त हैं क्योंकि केंद्र शासित प्रदेश को अब तक अपनी पहली विधानसभा नहीं मिली है। इससे राज्यसभा की प्रभावी संख्या घटकर 241 रह गई है।