Site icon hindi.revoi.in

राज्यसभा चुनाव : भाजपा ने 14 उम्मीदवारों का किया एलान, सुशील मोदी का पत्ता कटा, मांझी और कुमार विश्वास का नाम भी नहीं

Social Share
FacebookXLinkedinInstagramTelegramWhatsapp

नई दिल्ली, 11 फरवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए रविवार को बिहार, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से अपने 14 उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। हालांकि पार्टी ने बिहार के कद्दावर नेता व पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी का पत्ता काट दिया है। वहीं हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) के मुखिया व बिहार के पूर्व सीएम जीतनराम मांझी और कभी आम आदमी पार्टी के अग्रणी नेता रहे, लेकिन अब भाजपा के विश्वासपात्र माने जाने वाले लोकप्रिय कवि कुमार विश्वास के नाम भी लिस्ट से गायब हैं।

यूपी से सुधांशु त्रिवेदी व आरपीएन सिंह सहित 7 उम्मीदवार

उत्तर प्रदेश से भाजपा के कुल सात उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। इनमें सुधांशु त्रिवेदी, आरपीएन सिंह, चौधरी तेजवीर सिंह, साधना सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत व नवीन जैन शामिल हैं।

बिहार से धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह के नाम घोषित

पार्टी ने बिहार से डॉ. धर्मशीला गुप्ता और भीम सिंह पर भरोसा जताया है। भीम सिंह अति पिछड़ा समाज से आते हैं जबकि डॉ. धर्मशीला गुप्ता वैश्य समाज से हैं। दरअसल, बिहार में एनडीए की तीन सीटों में से दो पर भाजपा ने अपने उम्मीदवार उतारे हैं जबकि एक सीट पर जेडीयू के नेता संजय झा राज्यसभा जा सकते हैं।

भाजपा के अन्य उम्मीदवारों में हरियाणा से सुभाष बराला, पश्चिम बंगाल से सामिक भट्टाचार्य, उत्तराखंड से महेंद्र भट्ट, कर्नाटक से नारायणा कृष्णासा भांडगे और छत्तीसगढ़ से देवेंद्र प्रताप सिंह शामिल हैं।

Exit mobile version