Site icon Revoi.in

यूपी चुनाव : भाजपा और निषाद पार्टी का गठबंधन तय, संजय निषाद बोले – 15 सीटों पर लड़ेगी पार्टी

Social Share

लखनऊ, 16 जनवरी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का निषाद पार्टी के साथ गठबंधन तय हो गया है। भाजपा से विधान परिषद सदस्य और निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के अध्यक्ष संजय निषाद ने रविवार को इस आशय की घोषणा की।

संजय निषाद ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि उनकी पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन के तहत उत्तर प्रदेश की 15 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी, लेकिन सीटों को अंतिम रूप दिया जाना बाकी है। उन निर्वाचन क्षेत्रों को अंतिम रूप देने के लिए वह सोमवार को दिल्ली में अमित शाह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मिलेंगे, जहां पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।

अमित शाह से मिलकर कुछ सीटें बदलने की मांग रखेंगे

निषाद पार्टी के प्रमुख ने कहा, ‘हमें भाजपा के साथ गठबंधन में लड़ने के लिए जो सीटें मिली हैं, इनमें अधिकतर पूर्वांचल में हैं और कुछ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की भी हैं। कुछ सीटें हैं, जिन्हें हम बदलते समीकरणों के कारण बदलना चाहते हैं। हम न केवल सीट पर बल्कि जीत पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। इसी कारण गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर कुछ सीटें बदलने की बात करेंगे।’

गौरतलब है कि निषाद पार्टी का गठन 2016 में किया गया था। संजय निषाद ने कहा, ‘हमें निषाद समुदाय के समर्थन से जीत मिलती है। निषाद समुदाय अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) में से एक है। हमारी पार्टी ने पूरे राज्य में अपनी पैठ बना ली है। गोरखपुर, बलिया, संत कबीर नगर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, भदोही, सुल्तानपुर, फैजाबाद, चित्रकूट, झांसी, बांदा, हमीपुर और इटावा जिलों में इसका काफी प्रभाव है।’

पिछले विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी को मिली थी सिर्फ एक सीट

वैसे देखा जाए तो निषाद पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव 2017 में पीस पार्टी ऑफ इंडिया, अपना दल और जन अधिकार पार्टी के साथ गठबंधन में 100 उम्मीदवार खड़े किए थे, लेकिन वह भदोही जिले के ज्ञानपुर में सिर्फ एक सीट जीत सकी। खुद संजय निषाद गोरखपुर ग्रामीण से विधानसभा चुनाव लड़े थे और तीसरे स्थान पर रहे थे।

हालांकि संजय निषाद के बेटे प्रवीण कुमार निषाद 2018 के लोकसभा उपचुनाव में गोरखपुर से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार थे। उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी को हराया था। भाजपा गोरखपुर में 1989 से चुनाव नहीं हारी थी। निषाद पार्टी के ही प्रवीण कुमार निषाद अब संत कबीर नगर से भाजपा सांसद हैं। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कर्मस्थली गोरखपुर में निषाद समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं।

सपा से सीधी टक्कर, लेकिन भाजपा गठबंधन 300 से ज्यादा सीटें जीतेगा

आगामी चुनाव में भाजपा को किस पार्टी से मुख्य चुनौती मिलेगी? इस सवाल पर संजय निषाद ने कहा कि सपा का सीधा मुकाबला भाजपा से है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि सत्तारूढ़ गठबंधन 300 से अधिक सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी जातियों को साथ लेती है। उम्मीदवारों की पहली सूची में अधिकतर ओबीसी को टिकट दिया गया था। केंद्र और राज्य सरकारों के कार्यों के कारण जमीन पर भी इसकी स्वीकृति अच्छी है।

संजय निषाद ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के नेता ओम प्रकाश राजभर पर भी कटाक्ष करते हुए कहा उनके क्षेत्र के लोग भी उन्हें महत्व नहीं देते हैं। सुभासपा भी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है।