Site icon hindi.revoi.in

विधानसभा उपचुनाव : भाजपा और कांग्रेस ने जीतीं दो-दो सीटें, JMM, AAP और MNF ने बरकरार रखीं अपनी सीटें

Social Share

नई दिल्ली, 14 नवम्बर। बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार की अगुआई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) जहां तीन-चौथाई से ज्यादा सीटों का बहुमत हासिल करता प्रतीत हो रहा है वहीं छह राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश की आठ सीटों पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) व कांग्रेस ने दो-दो सीटें जीती हैं जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), आम आदमी पार्टी (AAP), मिजो नेशनल फ्रंट  (MNF) व जम्मू एंड कश्मीर पीपल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) के बीच बची चार सीटों का बंटवारा हो गया।

जम्मू और कश्मीर :  नगरोटा सीट पर भाजपा की देवयानी राणा विजयी

जम्म-कश्मीर की नगरोटा सीट पर भाजपा की देवयानी राणा निर्वाचित घोषित की गई है। यह सीट उनके पिता देवेंद्र सिंह राणा की मृत्यु के कारण खाली हुई थी। देवयानी ने सभी 11 दौर की काउंटिंग के बाद नेशनल पैंथर्स पार्टी के हर्ष देव सिंह को 24,647 वोटों से हराया। हर्षदेव सिंह को 13,433 वोट मिले। नेशनल कॉन्फ्रेंस की शमीम बेगम 10,872 मतो के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

नेशनल कॉन्फ्रेस ने बडगाम सीट गंवाई, पीडीपी को मिली जीत

वहीं मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के इस्तीफे से खाली हुई बडगाम सीट सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस ने गंवा दी है। यहां पीडीपी के आगा सईद मुंतजिर मेहदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के आगा सईद महमूद अल-मोसावी को 4,478 मतों से परास्त किया। पूरे 17 राउंड की गिनती में मुंतजिर मेहदी को जहां 21,576 मत मिले वहीं महमूद अल-मोसावी को 17,098 वोट मिले। इस सीट पर भाजपा छठे स्थान पर पिछड़ गई। उसके प्रत्याशी आगा सैयद मोहसिन मोसवी को महज 2,619 वोट मिले।

राजस्थान : कांग्रेस ने भाजपा से छीनी अंता सीट

कांग्रेस ने राजस्थान की अंता विधानसभा सीट सत्तारूढ़ भाजपा से छीन ली है। यह सीट भाजपा विधायक कंवरलाल मीणा को एक आपराधिक मामले में अयोग्य घोषित किए जाने से खाली हुई थी। कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद जैन भाया यहां 69571 वोट पाकर विजयी घोषित किए गए। उन्होंने पूरे 20 राउड की मतों की काउंटिंग में भाजपा के मोरपाल सुमन को 15,612 मतों से शिकस्त दी। मोरपाल को 53868 वोट मिले हैं. निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नरेश मीणा को 53959 वोट मिले।

तेलंगाना : बीआरआस ने जुबली हिल्स सीट कांग्रेस के हाथों गंवाई

विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस को दूसरी सीट तेलंगाना के जुबली हिल्स में मिली, जो उसने भारत राष्ट्र समिति (BRS) से छीनी। बीआरएस के तीन बार के विधायक मगंती गोपीनाथ के निधन की वजह से यहां उपचुनाव कराया गया।

सत्तारूढ़ कांग्रेस उम्मीदवार वी. नवीन यादव ने 10 दौर तक चली मतगणना के बाद 98,988 मत पाकर अपनी जीत सुनिश्चित की। नवीन ने बीआरएस की उम्मीदवार मगंती सुनीता गोपीनाथ को 24,729 मतों से हराया। सुनीत को 74,259 मत मिले। इस सीट पर भाजपा उम्मीदवार एल. दीपक रेड्डी 17,061 मात पाकर तीसरे स्थान पर रहे।

ओडिशा – भाजपा के जय ढोलकिया की बड़ी जीत

ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से सत्तारूढ़ भाजपा के जय ढोलकिया निर्वाचित घोषित किए गए। उन्होंने सभी 29 दौर की मतगणना पूरी होने के बाद 1,23,869 मत हासिल किए और कांग्रेस प्रत्याशी घासी राम माझी को 83,748 मतों के बड़े अंतर से हराया। माझी 40,121 वोट ही पा सके। यह सीट जय के पिता, बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक व पूर्व मंत्री राजेंद्र ढोलाकिया के निधन का कारण खाली हुई थी। हालांकि जय ने उपचुनाव से ठीक पहले पाला बदल लिया और भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े।

झारखंड : JMM ने कायम रखी घाटसिला सीट

झारखंड की घाटशिला सीट पर सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने कब्जा बरकरार रखा। इस मौलिक अनुसूचित जनजाति क्षेत्र में तत्कालीन शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के कारण उपचुनाव कराया गया। जेएमएम उम्मीदवार व रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश चंद्र सोरेन ने भाजपा प्रत्याशी बाबू लाल सोरेन को 38,601 मतों से हराया। सोमेश चंद्र को सभी 20 दौर की मतगणना के बाद जहां 1,04,936 मत मिले वहीं बाबू लाल ने 66,335 वोट हासिल किए।

पंजाब : AAP ने बरकरार रखी तरन तारन सीट

पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने तरन तारन सीट फिर जीत ली है। यह सीट AAP विधायक डॉ. कश्मीर सिंह सोहल के निधन के कारण खाली हुई थी। AAP प्रत्याशी हरमीत सिंह संधू ने यहां 42,649 मत पाकर शिरोमणि अकाली दल की सुखविंदर कौर को 12,091 वोटों से हराया। सभी 16 राउंड की मतगणना के बाद सुखविंदक के खाते में 30,558 वोट आए। कांग्रेस प्रत्याशी करनबीर सिंह (15,078) व भाजपा उम्मीदवार हरजीत सिंह संधू (6,239) क्रमशः चौथे व पांचवें स्थान पर पिछड़ गए।

मिजोरम : डंपा में मिजो नेशनल फ्रंट के लालथंगलियाना विजयी

मिजोरम की डंपा अनुसूचित जनजाति सीट पर विपक्षी मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) के डॉ. आर. लालथंगलियाना विजयी घोषित किए गए। उन्होंने 6,981 मत पाकर जोरम पीपल्स मूवमेंट के वनलालसैलोवा को 562 मतों के अंतर से हराया। सभी पांच राउंड की मतगणना में वनलालसैलोवा को 6,419 वोट मिले। यहां कांग्रेस व भाजपा उम्मीदवार क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर पिछड़ गए।

लालथंगलियाना, जोरमथांगा के नेतृत्व वाली पिछली एमएनएफ सरकार में स्वास्थ्य, वाणिज्य एवं उद्योग सहित विभिन्न विभागों के कैबिनेट मंत्री थे। यह सीट एमएनएफ के विधायक ललरिंटलुआंगा सैलो की मृत्यु के बाद खाली हुई थी।

Exit mobile version