Site icon hindi.revoi.in

ICC टी20 विश्व कप : बेथेल का शतकीय संघर्ष निरर्थक, इंग्लैंड पर रोमांचक जीत से भारत लगातार दूसरी बार फाइनल में  

Social Share

मुंबई, 5 मार्च। वानखेड़े स्टेडियम की दूधिया रोशनी में गुरुवार को रनों की जमकर बरसात हुई और दर्शकों ने पूरा पैसा भी वसूल किया। इस क्रम में गत चैम्पियन भारत की ओर से रखे गए विशालकाय लक्ष्य के बावजूद जैकब बेथेल ने तूफानी शतकीय प्रहार (105 रन, 48 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) से भारतीय गेंदबाजों की कड़ी परीक्षा ली। लेकिन अंततः उनका प्रयास नाकाफी रहा और टीम इंडिया ने दिल की धड़कनों को बढ़ा देने वाले अंतिम गेंद तक खिंचे संघर्ष में इंग्लैंड पर सात रनों की रोमांचक जीत से लगातार दूसरी बार ICC टी20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

संजू सैमसन फिर गरजे, टीम इंडिया 253 रनों तक जा पहुंची

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य सह मेजबानों के लिए पिछले मैच के हीरो संजू सैमसन (89 रन, 42 गेंद, सात छक्के, आठ चौके) के बल्ले से फिर धूम-धड़ाका हुआ। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ सैमसन की ईशान किशन (39 रन, 18 गेंद, दो छक्के, चार चौके) व शिवम दुबे (43 रन, 25 गेंद, चार छक्के, एक चौका) संग दो त्वरित साझेदारियों से भारत ने सात विकेट पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाबी काररवाई में बेथेल व उनके साथियों के अथक प्रयासों के बावजूद इंग्लैंड सात विकेट पर 246 रनों तक पहुंच सका।

बेथेल के प्रयास से 246 रनों तक जाकर ठहरे अंग्रेज

पांचवें ओवर में 2-38 की खराब शुरुआत के बाद इंग्लैंड की ओर से 22 वर्षीय युवा बल्लेबाज  बेथेल ने मोर्चा संभाला और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के बीच अन्य बल्लेबाजों के साथ उपयोगी भागीदारियों के सहारे उन्होंने दल को लक्ष्य के करीब तक पहुंचा दिया।

इस क्रम में अंतिम ओवर शुरू हुआ तो इंग्लैंड लक्ष्य से 30 रन दूर था। लेकिन शिवम दुबे की पहली गेंद पर वह रन आउट हो गए। इसके बाद जोफ्रा ऑर्चर (नाबाद 19 रन, चार गेंद, तीन छक्के) अंतिम तीन गेंदों पर छक्के जड़े, लेकिन वह टीम को मंजिल नहीं दिला सके और इंग्लैंड लक्ष्य से आठ रन दूर रह गया।

चैम्पियन भारत तीसरे खिताब के लिए 8 मार्च को न्यूजीलैंड से भिड़ेगा

दो वर्ष पहले केंजिंगटन ओवल में दक्षिण अफ्रीका को कड़े संघर्ष में सात रनों से हरा कर दूसरी बार खिताब जीतने वाले भारत का, जिसने 2007 में पहला संस्करण भी अपने नाम किया था, यह लगातार दूसरा और कुल चौथा फाइनल है। अब उपाधि रक्षा के लिए उसकी आठ मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से टक्कर होगी।

स्कोर कार्ड

न्यूजीलैंड ने बुधवार को कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका का अजेय क्रम तोड़ते हुए नौ विकेट की एकतरफा जीत हासिल की थी। कुल मिलाकर देखें तो यह लगातार दूसरा वर्ष है, जब भारत व न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीमें आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में भिड़ेंगी। गत वर्ष नौ मार्च को दुबई में भारत ने चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल में कीवियों को शिकस्त दी थी।

कठिन लक्ष्य के सामने इंग्लैंड की शुरुआत लड़खड़ाई

कठिन लक्ष्य के सामने इंग्लैंड की बल्लेबाजी पर गौर करें तो उसकी शुरुआत लड़खड़ा गई, जब हार्दिक पंड्या (2-38) व जसप्रीत बुमराह (1-33) ने फिल साल्ट (पांच रन) व कप्तान हैरी ब्रूक (सात रन) को पांच ओवरों के भीतर लौटा दिया। नए बल्लेबाज बेथेल का साथ पाकर जोस बटलर (25 रन, 17 गेंद, एक छक्का, चार चौके) ने हाथ खोलने की कोशिश की तो अगले ओवर में वह वरुण चक्रवर्ती के शिकार हो गए। बेथेल ने टॉम बैंटन (17 रन, पांच गेंद, दो छक्के, एक चौका) संग मिलकर स्कोर बढ़ाया। लेकिन आठवें ओवर में अक्षर पटेल (1-35) ने बैंटन को बोल्ड मार दिया (4-95)।

बेथेल ने जैक्स व करेन संग कीं अर्धशतकीय भागीदारियां

फिलहाल बारबेडोस में जन्मे बेथेल ने मोर्चा संभाला और वरुण (1-64) व अर्शदीप सिंह (1-51) पर कड़े प्रहार किए। बेथेल व विल जैक्स (35 रन, 20 गेंद, दो छक्के, चार चौके) ने पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों पर 77 रनों की साझेदारी की। इसके बाद सैम करेन (18 रन, 14 गेंद, दो चौके) और बेथेल के बीच छठे विकेट के लिए 27 गेंदों पर 50 रन आ गए।

अंतिम ओवर में दूसरा रन चुराने में रन आउट हुए बेथेल

बेथेल ने 19वें ओवर में पंड्या की पहली गेंद को छक्के के लिए भेजकर बेथेल ने 45 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। हालांकि तीसरी गेंद पर पंड्या ने करेन के रूप में दूसरा शिकार कर लिया (6-222)। फिलहाल अंतिम ओवर लेकर आए शिवम की पहली ही गेंद पर दूसरा रन चुराने के प्रयास में बेथल क्रीज से दूर रह गए और लॉग ऑन से पंड्या के थ्रो पर सैमसन ने गिल्लियां बिखेर दीं। फिर बची गेंदों पर ऑर्चर के तीन छक्के भी इंग्लैंड को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा सके।

संजू ने किशन संग 45 गेंदों पर ठोके 97 रन

इसके पूर्व भारतीय पारी में अभिषेक शर्मा (नौ रन, दो चौके) फिर असफल रहे और दूसरे ही ओवर में विल जैक्स (2-40) के शिकार हो गए। लेकिन संजू ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सुपर 8 के अंतिम मैच वाला ही रौद्र रूप दिखाया। उन्होंने ईशान किशन संग 45 गेंदों पर 97 रनों की धुआंधार भागीदारी की। किशन को 10वें ओवर में आदिल रशीद (2-42) ने आउट किया तो संजू को प्रोन्नत कर भेजे गए शिवम दुबे का साथ मिला। इन दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 22 गेंदों पर ही 43 रन आ गए। हालांकि संजू शतक से 11 रन पहले 14वें ओवर में 160 के योग पर जैक्स के दूसरे शिकार बन गए।

टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में भारत का सबसे बड़ा स्कोर

सैमसन के लौटने के बाद बची 41 गेंदों पर भारत ने और 93 रन जोड़े। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव (11 रन, छह गेंद, एक छक्का) नहीं चले। लेकिन हार्दिक पंड्या (27 रन, 12 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) व तिलक वर्मा (21 रन, सात गेंद, तीन छक्के) तेज हाथ दिखाए और भारत टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल हो गया।

Exit mobile version