Site icon Revoi.in

2014 से पहले देश की स्थिति बिगाड़ने वालों के बारे में जनता को होगा सोचना: सीएम भजनलाल शर्मा

Social Share

नई दिल्ली, 21 मई। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर देश में भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के आधार पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि 2014 से पहले देश की स्थिति बिगाड़ने वालों के बारे में जनता को सोचना होगा। श्री शर्मा ने लोकसभा चुनाव प्रचार के तहत सोमवार को नई दिल्ली लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज के समर्थन में मोती नगर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में एक से बढ़कर एक भ्रष्टाचार हुए। इस स्थिति को देखकर राष्ट्रवादी लोगों की आंखो में आंसू आ जाते थे। 2014 से पहले देश में आमजन ने आतंकवाद और विभिन्न प्रदेशों ने नक्सलवाद की घटनाओं को झेला, लेकिन आज आतंकवाद एवं नक्सलवाद नजर नहीं आता।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि देश में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण के आधार पर काम किया। वर्ष 1984 में सिखों के साथ दंगे हुए और दोषियों को बचाने का काम कांग्रेस ने किया। उन्होंने कहा कि आज देश की स्थिति क्या है, और 2014 से पहले देश की स्थिति बिगाड़ने वाले कौन लोग थे इसके बारे में सभी को सोचना पडे़गा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 2014 के बाद देश में परिवर्तन आया है। गरीब कल्याण की योजना, विकास की योजनाएं, सीमा की सुरक्षा एवं दुनिया में बढ़ता देश का गौरव आमजन महसूस कर रहा है। आज बढ़ता हुआ भारत नजर आ रहा है। 2014 से पहले देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी, वह अर्थव्यवस्था आज दुनिया में पांचवीं बड़ी अर्थव्यवस्था है और आने वाले समय में तीसरे स्थान पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस हाइवे, दिल्ली चंडीगढ़ एक्सप्रेस हाइवे का विकास सभी ने देखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली देश का दिल है और यहां के आमजन के दिल में भाजपा है। अन्ना हजारे के साथ आंदोलन कर भ्रष्टाचार हटाने की बात कहकर सत्ता में आये केजरीवाल स्वयं भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। महिला राज्यसभा सांसद के साथ दिल्ली मुख्यमंत्री आवास में हुई घटना शर्मसार करने वाली है। देश में दो तरह की धाराएं चल रही हैं, एक धारा परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार की है वहीं दूसरी धारा मां भारती की सेवा कर रही है।