मुंबई, 6 जून। भारतीय क्रिकेट टीम के इसी माह शुरू हो रहे आयरलैंड व इंग्लैंड दौरे के निमित्त श्रेयस अय्यर की टी20 कप्तानी पर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार को अपनी अधिकृत मुहर लगा दी। श्रेयस टी20 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव से यह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिन्हें टीम में ही जगह नहीं दी गई है। वहीं तिलक वर्मा को अक्षर पटेल की जगह उप कप्तान बनाया गया है।
Presenting #TeamIndia's newest T20I captain 🇮🇳
Congratulations to Shreyas Iyer as he takes the helm in the shortest format of the game 👏@ShreyasIyer15 pic.twitter.com/frfAXAOkTA
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
इसी क्रम में बीते आईपीएल सत्र के दौरान बल्ले से धूमधड़ाका मचाने वाले किशोरवय सनसनी 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। दरअसल, राष्ट्रीय चयनकर्ता लॉस एंजलिस ओलम्पिक खेलों और 2028 के टी20 विश्व कप के लिए राष्ट्रीय टीम तैयार करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
रेड्डी, रवि व प्रिंस भी शामिल, रिंकू व कुलदीप बाहर
श्रेयस और सूर्यवंशी के अलावा नीतीश कुमार रेड्डी, रवि बिश्नोई और प्रिंस यादव को भी टीम में शामिल किया गया है जबकि T20 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे रिंकू सिंह और कुलदीप यादव को टीम में जगह नहीं मिली। वहीं हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह को आराम दिया गया है।
Presenting #TeamIndia's T20I squads for the tours of England & Ireland 2026 🇮🇳#ENGvIND | #IREvIND pic.twitter.com/f84kSSAIDf
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
बीते T20 विश्व कप व आईपीएल में सूर्या का प्रदर्शन खास नहीं रहा
उल्लेखनीय है कि बीते मार्च में 35 वर्षीय सूर्या की कप्तानी में भारत ने T20 विश्व कप ट्रॉफी का सफलतापूर्वक बचाव किया था। उसके बाद आयरलैंड और इंग्लैंड का दौरा भारत की पहली T20I सीरीज है। हालांकि 2028 में होने वाले अगले T20 विश्व कप तक सूर्या 38 वर्ष के हो जाएंगे। उनकी जगह को लेकर बहस तब शुरू हुई, जब बीते T20 विश्व कप में उनका प्रदर्शन औसत रहा। उन्होंने विश्व कप के दौरान नौ पारियों में 136.72 के स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए। साथ ही, IPL 2026 में भी उनका प्रदर्शन खराब रहा, जहां उन्होंने 13 पारियों में 20.76 के औसत और 147.54 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 270 रन बनाए।
दिसम्बर, 2023 के बाद से श्रेयस ने नहीं खेला है कोई T20I मैच
वहीं 31 वर्षीय श्रेयस की बात करें तो दिसम्बर, 2023 के बाद से उन्होंने कोई T20I मैच नहीं खेला है क्योंकि सूर्यकुमार और तिलक के मध्य क्रम में होने की वजह से उन्हें टीम में जगह नहीं मिल पाई। श्रेयस को हाल ही में जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू T20I सीरीज के दौरान चोटिल खिलाड़ी की जगह चुना गया था, लेकिन उन्होंने कोई मैच नहीं खेला क्योंकि भारत ने उन खिलाड़ियों को चुनना बेहतर समझा, जो बाद में होने वाले T20 विश्व कप में खेलने वाले थे।
अय्यर के पास कप्तानी का खासा अनुभव
हालांकि, श्रेयस के पास कप्तानी का अच्छा अनुभव है। उन्होंने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को IPL खिताब जिताया और 2020 व 2025 में क्रमशः दिल्ली कैपिटल्स (DC) और पंजाब किंग्स (PBKS) को फाइनल तक पहुंचाया। उन्होंने IPL 2025 में 175.07 के स्ट्राइक रेट से 604 रन और IPL 2026 में 168.81 के स्ट्राइक रेट से 498 रन बनाए।
अगरकर बोले – श्रेयस ने एक कप्तान के तौर पर सब कुछ देखा है
इस बीच सीनियर राष्ट्रीय चयन समिति के चेयरमैन अजीत अगरकर ने बोर्ड सचिव देवजीत सैकिया के साथ राष्ट्रीय टीम की घोषणा के दौरान अय्यर के बारे में कहा, ‘हमने देखा है कि उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में अलग-अलग फ्रेंचाइजी की कप्तानी करते हुए क्या किया है। उन्होंने एक बार आईपीएल खिताब जीता और इस वर्ष शानदार शुरुआत के बाद उनका सीजन थोड़ा मुश्किल रहा। उन्होंने एक कप्तान के तौर पर सब कुछ देखा है।’
🗣️𝗔 𝘀𝘁𝗮𝗻𝗱𝗼𝘂𝘁 𝗰𝗮𝗻𝗱𝗶𝗱𝗮𝘁𝗲 𝘄𝗶𝘁𝗵 𝗲𝗻𝗼𝘂𝗴𝗵 𝗲𝘅𝗽𝗲𝗿𝗶𝗲𝗻𝗰𝗲 🙌
🎥 Mr Ajit Agarkar, Chairperson of Men’s Selection Committee shares his thoughts on Shreyas Iyer's appointment as #TeamIndia's T20I Captain 👏@imAagarkar | @ShreyasIyer15 pic.twitter.com/pJb3kOv3MY
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
अगरकर ने कहा, ‘श्रेयस का अपना प्रदर्शन भी बहुत अच्छा रहा है। वह T20 विश्व कप स्क्वाड में शामिल होने के बहुत करीब थे, लेकिन सूर्यकुमार के टीम में होने की वजह से उनके लिए जगह नहीं बन पाई। मेरी राय में, वह काफी अनुभव के साथ एक बेहतरीन दावेदार थे। जाहिर है, यह एक अलग तरह की चुनौती होगी।’
🎥 Mr Ajit Agarkar, Chairperson of Men’s Selection Committee on the conversation with Surya Kumar Yadav ahead of #TeamIndia's T20I squad selection. pic.twitter.com/HVCnMzoMC7
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
तिलक के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रमोट किया गया
अजीत अगरकर ने यह भी महसूस किया पिछले दो वर्षों के दौरान T20I में तिलक के प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें प्रमोट किया जाना चाहिए था। पिछले आठ महीनों में चयनकर्ताओं को तीसरी बार T20 उप-कप्तान बदलना पड़ा है। अगरकर ने कहा, ‘T20 विश्व कप से पहले शुभमन गिल उप कप्तान थे। जब हमने दो विकेटकीपर रखने का फैसला किया तो वह टीम में जगह नहीं बना पाए। फिर गिल की जगह अक्षर उप-कप्तान बने। लेकिन श्रेयस की तरह ही हम भी अगले दो वर्ष के साइकिल के लिए सबसे बेहतर विकल्प पर विचार कर रहे हैं। तिलक सबसे पहले तो एक शानदार खिलाड़ी हैं, इससे उन्हें जरूरत पड़ने पर काम करते हुए सीखने का मौका भी मिलेगा।’
वैभव राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले सचिन के बाद सबसे कम उम्र खिलाड़ी बने
वहीं दूसरी ओर सूर्यवंशी 1980 के दशक के उत्तरार्ध में सचिन तेंदुलकर के बाद भारतीय पुरुष टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने आईपीएल के धमाकेदार सीजन में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए थे। वैसे आयरलैंड और इंग्लैंड के टी20 मैचों के दौरे से पहले, सूर्यवंशी नौ से 21 जून तक श्रीलंका में अफगानिस्तान के साथ होने वाली त्रिकोणीय सीरीज में भारत ए के लिए खेलेंगे।
A maiden #TeamIndia call-up at the age of 1️⃣5️⃣ 🌟
Congratulations to Vaibhav Sooryavanshi on setting a remarkable record 👏 pic.twitter.com/htOt9kci4p
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय बन सकते हैं सूर्यवंशी
यदि सूर्यवंशी आयरलैंड या इंग्लैंड में अपना डेब्यू करते हैं तो वह 16 वर्ष की उम्र से पहले पुरुष अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। तेंदुलकर ने 16 वर्ष 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू और 16 वर्ष 238 दिन की उम्र में वनडे डेब्यू किया था। वॉशिंगटन सुंदर भारत के सबसे कम उम्र के पुरुष टी20 डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 18 वर्ष 80 दिन की उम्र में इस फॉर्मेट में अपना पहला मैच खेला था। शेफाली वर्मा भी इस फॉर्मेट में इतिहास बना चुकी हैं। जब उन्होंने महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया, तब उनकी उम्र 15 वर्ष 239 दिन थी।
An exciting young face in the ranks 💙
🎥 Mr Ajit Agarkar, Chairperson of Men’s Selection Committee, discusses the maiden call-up for Vaibhav Sooryavanshi and the sheer potential he brings to the squad 🙌@imAagarkar pic.twitter.com/9hT52Eappe
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भारत 26 और 28 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेलेगा, जिसके बाद एक से 11 जुलाई तक इंग्लैंड में पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जाएंगे।
श्रीलंका दौरे के लिए ध्रुव जुरेल की कप्तानी में भारतीय ए टीम घोषित
इस बीच आयरलैंड व इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम की घोषणा के साथ ही विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल की कप्तानी में जून-जुलाई में गाले में श्रीलंका ए के खिलाफ दो चार दिवसीय मैचों की सीरीज के लिए भारतीय ए टीम की भी घोषणा की गई। यह सीनियर टेस्ट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे का एक अनौपचारिक दौरा है।
राष्ट्रीय ए टीम में टेस्ट टीम के कई मौजूदा सदस्य शामिल
भारतीय ए टीम में टेस्ट टीम के कई मौजूदा और हाल के सदस्य शामिल हैं, जिनमें बल्लेबाज बी साई सुदर्शन और देवदत्त पडिक्कल, स्पिन-बॉलिंग ऑलराउंडर हर्ष दुबे, सीमर गुरनूर बरार व अंशुल कंबोज व विकेटकीपर एन जगदीसन व आकिब नबी भी शामिल हैं, जिन्होंने 12.56 के औसत से सबसे ज्यादा 60 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर को ऐतिहासिक पहला रणजी ट्रॉफी खिताब जिताया था। टीम में एक दिलचस्प नाम उत्तर प्रदेश के लेग-स्पिनर जीशान अंसारी का भी है, जिन्होंने आखिरी बार जनवरी, 2020 में प्रथम श्रेणी मैच खेला था।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारत की T20I टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप कप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव व वैभव सूर्यवंशी।
A look at India A's squad for 2️⃣ multi-day matches in Sri Lanka 🙌#SLAvINDA pic.twitter.com/QVUZlzYcHc
— BCCI (@BCCI) June 6, 2026
श्रीलंका दौरे के लिए भारत ए टीम
ध्रुव जुरेल (कप्तान और विकेटकीपर), बी साई सुदर्शन, आयुष पांडे, देवदत्त पडिक्कल (उप कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, हर्ष दुबे, सारांश जैन, गुरनूर बरार, आकिब नबी, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, एन जगदीसन (विकेटकीपर), जीशान अंसारी, अमन मोखाड़े व शेख रशीद।

