Site icon hindi.revoi.in

टी20 विश्व कप विजेता टीम इंडिया के लिए BCCI ने घोषित किया 131 करोड़ रुपये का विशेष बोनस

Social Share

नई दिल्ली, 10 मार्च। ICC टी20 विश्व कप के 10 संस्करणों में तीसरी बार चैम्पियन का श्रेय अर्जित करने वाली टीम इंडिया पर पैसों की जमकर बारिश हो रही है। इस क्रम में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए विशेष बोनस के रूप में 131 करोड़ रुपये की भारी-भरकम पुरस्कार राशि घोषित की है। यह राशि आईसीसी की ओर से प्रदत्त लगभग 27.48 करोड़ रुपये (30 लाख डॉलर) की पुरस्कार राशि के अतिरिक्त है।

आईसीसी ने दी है 27.48 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में बीते रविवार को न्यूजीलैंड पर एकतरफा खिताबी जीत के बाद बीसीसीआई ने टीम इंडिया के लिए इस विशेष बोनस की घोषणा की। यह 131 करोड़ रुपये की राशि केवल खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि टीम के कोचिंग स्टाफ, सपोर्ट स्टाफ और चयनकर्ताओं के बीच भी बांटी जाएगी।

2024 की तुलना में बढ़ा ईनाम का ग्राफ

भारत ने जब वर्ष 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में दक्षिण अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप जीता था, तब बीसीसीआई ने टीम इंडिया के लिए 125 करोड़ रुपये की ईनामी राशि का एलान किया था। उस वक्त खिलाड़ियों और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को 5-5 करोड़ रुपये मिले थे। इस बार बीसीसीआई ने ईनाम की राशि छह करोड़ रुपये बढ़ाकर 131 करोड़ कर दिया है, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी बोनस राशि है।

लगातार दो विश्व कप जीतने का मिला फल

बीसीसीआई की ओर से यह बड़ा ईनाम टीम की निरंतरता और दबदबे को देखते हुए दिया गया है। दरअसल, यह पहला मौका है, जब किसी टीम ने लगातार दो बार (2024 और 2026) टी20 विश्व कप अपने नाम किया है। बोर्ड के अधिकारियों का मानना है कि घरेलू मैदान पर खिताब डिफेंड करना एक बड़ी उपलब्धि है, इसलिए खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए यह राशि बढ़ाई गई है।

Exit mobile version