Site icon Revoi.in

बैंकों की दो दिनी हड़ताल टली, निजीकरण के विरोध में अब 28 व 29 मार्च को बंद रहेंगे बैंक

Social Share

नई दिल्ली, 9 फरवरी। निजीकरण सहित केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ बैंकों की इसी माह 23 व 24 फरवरी को प्रस्तावित दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल एक माह के लिए टल गई है। अब बैंककर्मी अगले माह 28 व 29 मार्च को ये हड़ताल करेंगे।

सीटू के फैसले के बाद बीईएफआई ने टाली हड़ताल

दरअसल, देशभर की केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ 23 और 24 फरवरी को देशव्यापी हड़ताल बुलाई थी। इसी दिन बैंक कर्मचारी भी हड़ताल पर जाने वाले थे। लेकिन सेंटर ऑफ ट्रेड यूनियन कांग्रेस (सीटू) ने जानकारी दी है कि अब यह हड़ताल 23 और 24 फरवरी की जगह मार्च में होगी। इसके साथ ही बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीईएफआई) ने भी हड़ताल की तारीख मार्च तक बढ़ा दी है।

निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारी

गौरतलब है कि बैंक कर्मचारी सरकारी बैंकों के निजीकरण के विरोध में इस हड़ताल में शामिल हैं। अब यह हड़ताल 28 और 29 मार्च को होनी है। वहीं अन्य संगठननों ने सरकारी लोक उपक्रमों (पीएसयू) के निजीकरण और नए श्रम कानूनों के विरोध में यह हड़ताल करने का फैसला किया है।

हड़ताल टल जाने के बाद बैंक फरवरी में अब 12 दिन बंद रहेंगे। इन 12 दिनों में शनिवार, रविवार और त्यौहारों की छुट्टियां शामिल हैं। इसमें अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग दिन छुट्टी है।