Site icon hindi.revoi.in

बांकीपुर उपचुनाव : शुरुआती रुझानों में प्रशांत किशोर आगे, भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा दूसरे नंबर पर

Social Share

पटना, 3 अगस्त। बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना सोमवार सुबह से पटना के एएन कॉलेज परिसर में जारी है। शुरुआती रुझानों में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने बढ़त बना ली है। हालांकि, अभी मतगणना जारी है और अंतिम परिणाम आना बाकी है। तीसरे राउंड की मतगणना पूरी होने तक प्रशांत किशोर को 5,032 वोट मिले हैं। वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा से 1,162 वोटों से आगे चल रहे हैं। नीरज कुमार सिन्हा को अब तक 3,870 वोट मिले हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा कुमारी 767 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के उम्मीदवार तनवीर आलम 233 वोटों के साथ चौथे नंबर पर चल रहे हैं।

त्रिकोणीय मुकाबले पर टिकी नजर

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान हुआ था। इस दौरान कुल 34.30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। इस चुनाव में भाजपा, राजद और जन सुराज पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। मतगणना की शुरुआत सोमवार सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट की गिनती से हुई। इसके बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गणना शुरू की गई। हर राउंड के साथ उम्मीदवारों की स्थिति बदलने की संभावना बनी हुई है।

एएन कॉलेज में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मतगणना केंद्र एएन कॉलेज और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है। यहां 300 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। केवल अधिकृत अधिकारियों, उम्मीदवारों, उनके चुनाव एजेंटों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों को ही सुरक्षा क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति दी गई है।

भाजपा ने जताया जीत का भरोसा

उधर, भाजपा ने सीट पर दोबारा जीत दर्ज करने का भरोसा जताया है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने संभावित जीत को लेकर तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि जीत की स्थिति में कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच बांटने के लिए बड़ी मात्रा में लड्डू तैयार कराए गए हैं। अब सभी दलों की निगाहें अगले राउंड की मतगणना पर टिकी हैं। जैसे-जैसे राउंड बढ़ेंगे, चुनाव परिणाम की तस्वीर और साफ होती जाएगी।

Exit mobile version