नई दिल्ली, 28 मई। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी। बकरीद को समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक बताते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यह पर्व हमें मानवता की सेवा करने की प्रेरणा देता है। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक एक्स हैंडल ने एक पोस्ट में लिखा, “ईद-उज-जुहा के अवसर पर मैं सभी देशवासियों, विशेषकर मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं। यह त्योहार समर्पण, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह पर्व हमें मानवता, विशेषकर वंचित वर्गों, की सेवा करने की प्रेरणा देता है। आइए, इस अवसर पर हम समाज में प्रेम और समरसता का संचार करने के लिए अधिक प्रतिबद्धता से आगे बढ़ें।”
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, “ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं। कामना है कि यह अवसर हमारे समाज में भाईचारे और खुशियों की भावना को और गहरा करे। सभी की सफलता और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना।” इससे पहले, देश के कई अन्य नेताओं ने भी एक्स पोस्ट के जरिए देशवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं दी। केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने लिखा, “बकरीद त्याग और निस्वार्थ भक्ति का शाश्वत संदेश लेकर आती है। इसके द्वारा पोषित मूल्य हमारे दैनिक जीवन में झलकने चाहिए और समाज को मानवता तथा करुणा की ओर अग्रसर करना चाहिए। हमारी इन उत्सवों की आध्यात्मिक रोशनी हमें हर चुनौती का सामना साहस और आशा के साथ करने की शक्ति प्रदान करे। आप सभी को ईद मुबारक।”
बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक्स पोस्ट में लिखा, “ईद अल अजहा, अर्थात् आम बोलचाल की जुबान में बकरीद पर्व की दुनिया भर में रहने वाले सभी भारतीय मुस्लिम भाई-बहनों व उनके परिवार वालों को दिली मुबारकबाद तथा उनके साथ-साथ समस्त देशवासियों के खुश व खुशहाल जिंदगी की शुभकामनाएं।” उन्होंने आगे लिखा, “सभी पर्व व त्योहार आदि पूरी शान्ति, आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ गुजरे तो यह देश व जनहित में हमेशा बेहतर होगा, ताकि देश-प्रदेश के विकास व यहाँ के लोगों की तरक्की पर पूरी ऊर्जा, शक्ति व संसाधन लग सके, जैसा कि बीएसपी की यहां यूपी में रही चारों सरकारों में हमेशा से सभी सरकारों में दुर्लभ रही कानून द्वारा कानून के राज के तहत् पूरी तरह से सर्वसमाज-हितैषी ‘सर्वजन हिताय व सर्वजव सुखाय’ की बेहतरीन सरकार रही।”
आरएमएल प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने लिखा, “बिहार सहित समस्त देशवासियों को त्याग, बलिदान, इबादत, बरक्कत और आपसी सौहार्द का पर्व ईद-उल-अजहा (बकरीद) की दिली मुबारकबाद। इस अवसर पर खुदा से सभी के लिए अमन-चैन, सलामती एवं रहमतों की दुआ करते हैं।”
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि ईद-उल-अजहा पर्व का मर्म त्याग तथा सेवा की भावना है। यह पर्व गरीबों तथा जरूरतमंदों की सहायता करने के लिए प्रेरित करता है।
बकरीद त्योहार त्याग का संदेश देता है: अखिलेश
अमृत विचार: सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी को ईद-उल-अज़हा (बकरीद) की मुबारकबाद दी है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार सद्भाव, सहयोग, समर्पण, त्याग और बलिदान का संदेश देता है।
बक़रीद के मौके पर राहुल-प्रियंकाने दी मुबारकबाद
देशभर में गुरुवार को इस्लाम धर्म का सबसे खास त्योहार बक़रीद मनाई जा रही है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने बकरा ईद के अवसर पर देशवासियों को मुबारकबाद देते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां, अपनापन और परिवार के साथ गर्मजोशी लेकर आए।
उन्होंने अपने संदेश में कहा, “आप और आपके परिवार को खुशियों से भरी बकरा ईद की शुभकामनाएं। आपका घर आज प्रेम और एकजुटता से भरा रहे। ईद मुबारक।” वहीं कांग्रेस पार्टी की लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी ईद-उल-अज़हा की बधाई देते हुए कहा कि यह पावन अवसर हर घर में शांति, प्रेम और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने लोगों के सुख, आशीर्वाद और भाईचारे की भावना की कामना की।

